देवरिया में शिक्षामित्रों ने निकाला विरोध मार्च:बीएसए कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन; शिक्षक पद पर समायोजन समेत 6 मांगें
देवरिया में विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के बैनर तले सोमवार को जिलेभर के शिक्षामित्रों ने प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे शिक्षामित्र बीएसए कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। दोपहर करीब 2 बजे यहां से विरोध मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। सुभाष चौक, जिलाधिकारी आवास, सिविल लाइन और कचहरी चौराहा होते हुए शिक्षामित्र कलेक्ट्रेट पहुंचे। करीब 3 बजे मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा। 26 साल से पढ़ा रहे शिक्षामित्र शिक्षामित्रों का कहना है कि प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में वे पिछले 26 वर्षों से शिक्षण कार्य कर रहे हैं। संगठन के अनुसार, 3 जनवरी 2025 को शिक्षामित्रों की मूल विद्यालय वापसी और महिला शिक्षामित्रों को उनके पति के निवास स्थान की ग्राम पंचायत या वार्ड के विद्यालय में स्थानांतरण का शासनादेश जारी हुआ था। इसके बाद महानिदेशक स्कूल शिक्षा और निदेशक बेसिक शिक्षा की ओर से भी जनपद स्तर पर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। संघ का आरोप है कि लखनऊ और बाराबंकी को छोड़कर अधिकांश जिलों में अब तक समायोजन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। 80-90 किलोमीटर दूर स्कूल जाने की समस्या शिक्षामित्रों ने कहा कि समायोजन प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण कई शिक्षामित्रों को घर से 80 से 90 किलोमीटर दूर विद्यालयों तक जाना पड़ रहा है। उन्होंने मूल विद्यालय वापसी की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की। महिला शिक्षामित्रों को उनके पति के निवास स्थान की ग्राम पंचायत या वार्ड के विद्यालय में स्थानांतरण का लाभ देने की भी मांग की गई। 75 हजार शिक्षामित्रों के शिक्षक पद पर समायोजन की मांग शिक्षामित्रों ने टीईटी उत्तीर्ण और एनसीटीई के मानकों को पूरा करने वाले करीब 75 हजार शिक्षामित्रों को सुपर टीईटी से छूट देने की मांग की। इसके साथ ही शिक्षक पद पर समायोजन या नियमितीकरण और विशेष टीईटी परीक्षा में शामिल करने की मांग रखी गई। 12 माह का मानदेय और 20 लाख रुपये की मांग संगठन ने शिक्षामित्रों को 11 के बजाय 12 माह का मानदेय देने की मांग की। साथ ही सेवानिवृत्ति की आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने और सेवानिवृत्ति के समय 20 लाख रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। मुख्यमंत्री से अधिकारियों को निर्देश देने की मांग शिक्षामित्रों ने मुख्यमंत्री से मूल विद्यालय वापसी और स्थानांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष मनोज सिंह चंदेल समेत संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षामित्र शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)