देवउठनी एकादशी पर मेरठ में 600 से ज्यादा शादियां:तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत, रॉयल थीम पर सजेंगे शादी के मंडप
देवउठनी एकादशी के साथ ही अब शादियों का सीजन भी शुरू होने जा रहा है। इस बार 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी मनाई जाएगी, जबकि कुछ लोग उदया तिथि के अनुसार 21 नवंबर को भी यह पर्व मनाएंगे। इसके साथ ही मेरठ में शादी समारोहों की रौनक बढ़ने वाली है। 20 और 21 नवंबर को शहर में 600 से ज्यादा शादियां होने का अनुमान है। मैरिज गार्डन, बैंक्वेट हॉल और होटलों में तैयारियां तेज हो गई हैं। इन दिनों शादियों में रॉयल थीम और भव्य डेकोरेशन का ट्रेंड देखने को मिल रहा है। ज्यादातर लोग अपनी शादी को खास बनाने के लिए रॉयल डेकोरेशन, आकर्षक लाइटिंग और अलग-अलग थीम पर सजावट करा रहे हैं। चार महीने की निद्रा के बाद जागते हैं भगवान विष्णु ज्योतिषाचार्य राहुल अग्रवाल के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु चार महीने के लिए योग निद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। इस दौरान विवाह और अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के निद्रा से जागने की मान्यता है। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होता है और विवाह सहित दूसरे मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन तुलसी विवाह भी कराया जाता है। भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप और माता तुलसी का विवाह कराया जाता है। इसे विवाह के शुभ मुहूर्तों की शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है। ऐसे करें भगवान विष्णु की पूजा देवउठनी एकादशी पर सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और घर के मंदिर की सफाई करें। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा के सामने दीपक जलाएं। उन्हें फल, फूल, मिठाई और तुलसी दल अर्पित करें। इसके बाद भगवान विष्णु की पूजा कर एकादशी व्रत की कथा सुनें और आरती करें। शाम को घर के आंगन में दीपक जलाकर भगवान विष्णु की पूजा करें। इस दिन गन्ने का मंडप सजाने और तुलसी-शालिग्राम विवाह कराने की भी परंपरा है। पूजा के दौरान भगवान विष्णु से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। पूजा के शुभ मुहूर्त ज्योतिषाचार्य राहुल अग्रवाल के अनुसार, देवउठनी एकादशी पर पूजा के लिए कई शुभ समय रहेंगे। - गोधूलि बेला: शाम 5:02 से 5:27 बजे तक।
- प्रदोष काल: शाम 5:25 से रात 8:06 बजे तक।
- अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:35 से दोपहर 12:19 बजे तक।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)