दिल में था बड़ा छेद, एसएन में हुआ ऑपरेशन:फेफड़ों में भी थी समस्या, 58 वर्षीय महिला को मिली नई जिंदगी

Sep 30, 2026 - 11:14
0
दिल में था बड़ा छेद, एसएन में हुआ ऑपरेशन:फेफड़ों में भी थी समस्या, 58 वर्षीय महिला को मिली नई जिंदगी
एसएन मेडिकल कॉलेज के इतिहास में पहली बार ओपन हार्ट सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। 58 वर्षीय महिला मरीज पार्वती, निवासी भगवान टॉकीज, आगरा, करीब दो साल से सांस फूलने की समस्या से परेशान थीं। जांच में उनके हृदय में करीब 4 सेंटीमीटर का बड़ा छेद (ASD) मिला। इसके साथ एक वाल्व में गंभीर लीकेज और फेफड़ों की धमनियों में अत्यधिक दबाव (Pulmonary Hypertension) भी पाया गया। जटिल स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने इसे हाई रिस्क कार्डियक सर्जरी के रूप में लिया। मरीज कई अस्पतालों में उपचार करा चुकी थीं, लेकिन उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिली। सांस की गंभीर तकलीफ के चलते उन्हें बार-बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ रहा था। इसके बाद उन्होंने एसएन मेडिकल कॉलेज की CTVS OPD में परामर्श लिया, जहां जांच के बाद सर्जरी का निर्णय लिया गया। हार्ट-लंग मशीन की मदद से की सर्जरी ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने हृदय को नियंत्रित तरीके से रोककर कार्डियोपल्मोनरी बायपास यानी हार्ट-लंग मशीन की सहायता ली। सर्जरी के दौरान हृदय में मौजूद छेद को कृत्रिम पैच लगाकर बंद किया गया। साथ ही लीकेज कर रहे वाल्व की मरम्मत की गई। सर्जरी पूरी होने के बाद मरीज को सुरक्षित रूप से हार्ट-लंग मशीन से हटाया गया। इसके बाद हृदय ने सामान्य रूप से काम करना शुरू किया। मरीज को वेंटिलेटर से भी सफलतापूर्वक हटा दिया गया। फिलहाल मरीज की स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है। डॉक्टरों और स्टाफ की टीम ने संभाली जिम्मेदारी सर्जरी टीम में CTVS विभाग से डॉ. सुशील सिंघल, डॉ. विमलेश और डॉ. चैतन्य शामिल रहे। वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. योगिता, डॉ. अपूर्व मित्तल, डॉ. अतिहार्ष, डॉ. दीपक और डॉ. दीपिका चौबे ने जिम्मेदारी संभाली। CTVS स्टाफ, ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन और परफ्यूजनिस्ट ने भी सर्जरी के दौरान महत्वपूर्ण सहयोग किया। प्राचार्य ने टीम को दी बधाई एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि कॉलेज में पहली बार ओपन हार्ट सर्जरी का सफल होना पूरे संस्थान और आगरा शहर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने सर्जरी में शामिल पूरी टीम को बधाई दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User