डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा की मौत, अस्पताल बंदकर संचालक फरार:परिजनों का आरोप- इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत, 1 साल पहले हुई थी शादी
मैनपुरी के कुरावली में घिरोर रोड स्थित मां अंजनी हॉस्पिटल में बुधवार रात प्रसव के दौरान महिला और उसकी नवजात बच्ची की मौत हो गई। औंछा थाना क्षेत्र के कनिकपुर महलोई निवासी सचिन अपनी 24 वर्षीय पत्नी ललिता को प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार शाम करीब 4 बजे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल संचालक के अस्पताल बंद कर मौके से चले जाने की बात कही गई है। पुलिस ने महिला का पोस्टमार्टम कराया। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सामान्य डिलीवरी के बाद नवजात की मौत सचिन के मुताबिक अस्पताल में मौजूद डॉक्टर सुमंत यादव ने जच्चा और बच्चा दोनों की सुरक्षित डिलीवरी कराने की जिम्मेदारी ली थी। परिजनों के अनुसार देर रात ललिता की सामान्य डिलीवरी हुई और उसने बच्ची को जन्म दिया। जन्म के कुछ देर बाद ही नवजात की मौत हो गई। इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की हालत बिगड़ने का आरोप परिजनों का आरोप है कि नवजात की मौत के बाद अस्पताल के स्टाफ ने ललिता को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। रात करीब 11 बजे ललिता की भी मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टर और स्टाफ ने लापरवाही बरती। महिला और बच्ची की मौत के बाद अस्पताल बंद करने का आरोप सचिन का आरोप है कि पत्नी और नवजात की मौत के बाद अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और स्टाफ वहां से चले गए। उसने बताया कि बच्ची के शव को अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर रख दिया गया, जबकि महिला का शव अस्पताल के बाहर कर दिया गया। इसके बाद अस्पताल में ताला लगा दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम कराया घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एक साल पहले हुई थी शादी सचिन ने बताया कि उसकी शादी करीब एक साल पहले ललिता से हुई थी और यह उनका पहला बच्चा था। उसका आरोप है कि वह पत्नी को सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल लेकर आया था, लेकिन इलाज में लापरवाही के कारण पत्नी और नवजात की जान चली गई। उसने डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)