लहुरियादह वासी बोले- जहां बुलायेगी वहां जायेंगे:हर कदम पर साथ देंगे, दिव्या मित्तल के राजनीति में आने के ऐलान के बाद स्कूल का काम शुरू
पूर्व IAS अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल के राजनीति में आने के ऐलान के अगले ही दिन लहुरियादह गांव में उच्च प्राथमिक विद्यालय के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई। बुधवार को प्राथमिक विद्यालय लहुरियादह के उच्चीकरण के लिए स्कूल के पास जमीन की नाप-जोख कराई गई। गांव के लोगों ने कार्रवाई शुरू होने पर खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान गांव की शिक्षा व्यवस्था को लेकर पहल की थी, इसलिए उनके राजनीति में आने के फैसले का वे समर्थन करेंगे। वीडियो में दिव्या ने उठाया था स्कूल निर्माण का मुद्दा दिव्या मित्तल ने मंगलवार को राजनीति में आने की घोषणा करते हुए जारी वीडियो में अपने मिर्जापुर के कार्यकाल का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि लहुरियादह गांव में एक महिला ने बच्चों की पांचवीं के बाद की पढ़ाई के लिए स्कूल की मांग की थी। उनके मुताबिक, उन्होंने स्कूल के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ाई थी, लेकिन लंबे समय बाद भी निर्माण नहीं हो सका। वीडियो सामने आने के अगले दिन ही लहुरियादह में विद्यालय के उच्चीकरण की प्रक्रिया में तेजी आई और जमीन की नाप-जोख शुरू कर दी गई। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, विद्यालय के निर्माण के लिए पहले ही स्वीकृति और बजट की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, जबकि जमीन के सीमांकन के कारण काम आगे नहीं बढ़ पाया था। 25.58 लाख रुपए का बजट स्वीकृत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय लहुरियादह के उच्चीकरण के लिए वर्ष 2024-25 में प्रस्ताव भेजा गया था। वर्ष 2025-26 में राज्य परियोजना निदेशक की ओर से इसकी स्वीकृति प्रदान की गई और निर्माण के लिए 25.58 लाख रुपए की धनराशि आवंटित की गई। उपजिलाधिकारी लालगंज की ओर से पूर्व माध्यमिक विद्यालय के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई है। विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में स्वीकृत धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। राशि मिलने के बाद विद्यालय प्रबंध समिति ने निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई है। आजादी के बाद गांव में पहुंचा था पानी विंध्य की पहाड़ी पर बसे लहुरियादह गांव का नाम दिव्या मित्तल के मिर्जापुर कार्यकाल से पहले भी चर्चा में रहा है। उनके कार्यकाल में गांव की लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या का समाधान हुआ था और 31 अगस्त 2023 को पहली बार पाइपलाइन के जरिए घर-घर पानी पहुंचा था। इसी दौरान गांव की बुजुर्ग महिलाओं और ग्रामीणों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय की मांग भी उठाई थी। ग्रामीण बोले- हर तरह से सहयोग करेंगे लहुरियादह निवासी शीला ने दिव्या मित्तल के राजनीति में आने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, “दिव्या मित्तल राजनीति में आ रही हैं, यह अच्छी बात है। हम उनका हर तरह से सहयोग करेंगे। जहां बुलाएंगी, वहां जाएंगे।” ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पानी पहुंचाने के बाद अब उच्च प्राथमिक विद्यालय के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होना बच्चों की पढ़ाई के लिए महत्वपूर्ण है। स्कूल बनने से कक्षा पांच के बाद पढ़ाई के लिए बच्चों को दूर नहीं जाना पड़ेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)