डीमैट खाते से शेयर ट्रांसफर कराने पर 4 पर मुकदमा:चकेरी के निवेशक ने फर्जी दस्तावेजों से 12,500 शेयर ट्रांसफर कराने का लगाया आरोप

Sep 30, 2026 - 18:55
0
डीमैट खाते से शेयर ट्रांसफर कराने पर 4 पर मुकदमा:चकेरी के निवेशक ने फर्जी दस्तावेजों से 12,500 शेयर ट्रांसफर कराने का लगाया आरोप
शेयर बाजार के निवेशक ने ब्रोकर कंपनी के अधिकारियों पर फर्जी दस्तावेज और हस्ताक्षर तैयार कर डीमैट खाते से करोड़ों रुपये मूल्य के 12,500 शेयर दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले को लेकर कोर्ट से गुहार लगाई, जिसके बाद स्वरूप नगर थाना पुलिस ने निदेशक समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जून 2020 में फर्जी तरीके से ट्रांसफर किए शेयर चकेरी निवासी मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2016 में स्वरूप नगर स्थित अचिन्त्या सिक्योरिटीज के माध्यम से मनोज कुमार अग्रवाल एचयूएफ के नाम से डीमैट खाता खुलवाया था। इसमें रघुवंश एग्रोफार्म्स लिमिटेड के 12,500 शेयर थे। आरोप है कि जून 2020 में उनकी जानकारी और सहमति के बिना फर्जी डीआईएस (डिलीवरी इंस्ट्रक्शन स्लिप) के जरिए शेयर दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। 7 अक्टूबर 2020 को मिले स्टेटमेंट से उन्हें इसकी जानकारी हुई। कंपनी से प्राप्त दस्तावेजों की जांच में उनके फर्जी हस्ताक्षर की बात सामने आई। आरोप है कि 27 जून 2020 को उनकी अनुमति के बिना डीमैट खाते में दर्ज मोबाइल नंबर और ई-मेल भी बदल दिए गए थे। इसके बाद 12,500 शेयर वसुन्धरा कैपिटल एंड सिक्योरिटीज लिमिटेड को ट्रांसफर कर दिए गए। निदेशक ने गाली-गलौज कर दी धमकी मनोज ने दो जुलाई को सक्सेज व्यापार लिमिटेड से 5,500 शेयर उनके खाते में ट्रांसफर किए जाने की भी शिकायत की। मामले में वर्ष 2022 में सेबी से शिकायत की गई। आरोप है कि बीती 25 जून को कंपनी के निदेशक ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी। मनोज ने निदेशक अभिषेक अग्रवाल,संतोष कुमार अग्रवाल के साथ ही अरुण अग्रवाल और अमित समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।स्वरूप नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ कूटरचित दस्तावेजों से धोखाधड़ी करने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User