दिव्यांग यात्रियों के लिए मुफ्त टिकट:रोडवेज बस में यूडीआईडी कार्ड का QR कोड कराना होगा स्कैन

Sep 28, 2026 - 17:10
0
दिव्यांग यात्रियों के लिए मुफ्त टिकट:रोडवेज बस में यूडीआईडी कार्ड का QR कोड कराना होगा स्कैन
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई पहल की है। अब रोडवेज की साधारण बसों में दिव्यांग यात्रियों को नि:शुल्क टिकट लेने के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। परिचालक ईटीआईएम मशीन से यूडीआईडी कार्ड पर दर्ज क्यूआर कोड स्कैन कर मौके पर ही शून्य मूल्य का नि:शुल्क टिकट जारी कर सकेंगे। उप मुख्य यांत्रिक अभियंता अनुराग यादव ने बताया कि क्यूआर कोड स्कैन होते ही मशीन यात्री की दिव्यांगता का प्रतिशत देखकर स्वयं नि:शुल्क टिकटों की संख्या तय करेगी। 40 से 80 प्रतिशत दिव्यांगता पर एक और 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता पर दो नि:शुल्क टिकट जारी किए जाएंगे। इससे टिकट जारी करने की प्रक्रिया तेज, आसान और पारदर्शी होगी। नई व्यवस्था के तहत यूडीआईडी कार्ड स्कैन होने पर यात्री का यूडीआईडी नंबर, नाम, जन्मतिथि, दिव्यांगता का प्रकार और प्रतिशत जैसी जानकारी ईटीआईएम मशीन पर दिखाई देगी। नि:शुल्क यात्रा का विवरण एएफसी पोर्टल पर अलग से दर्ज रहेगा। उन्होंने बताया कि शून्य मूल्य का टिकट जारी होने के बावजूद उसका वास्तविक किराया परिचालक और बस सेवा के भारांक तथा प्रतिफल की गणना में शामिल रहेगा। यदि किसी कारण से यूडीआईडी कार्ड का क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो पाता है, तो यात्री को पहले की तरह नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलती रहेगी। रोडवेज की इस पहल से दिव्यांग यात्रियों को आसान, सम्मानजनक और पारदर्शी यात्रा सुविधा मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User