एशियन गेम्स में गुलवीर का फिर दमदार प्रदर्शन:अलीगढ़ के गांव सिरसा में दादी बोलीं- मेरे लाल ने कमाल कर दिया; मां को अब 5 हजार में गोल्ड की उम्मीद
सिरसा के लाल गुलवीर सिंह ने एशियन गेम्स में सोमवार शाम एक बार फिर तिरंगे का मान बढ़ा दिया। 10 हजार मीटर में रजत पदक जीतने के बाद गुलवीर ने अब 1500 मीटर में भी सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया। लगातार दूसरे इवेंट में पदक जीतते ही उनके गांव सिरसा में खुशी की लहर दौड़ गई। घर में मौजूद 98 वर्षीय दादी गेंदो देवी खुशी से उछल पड़ीं। उन्होंने कहा- "मेरे लाल ने कमाल कर दिया।"
गुलवीर की इस उपलब्धि की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में जश्न का माहौल बन गया। मां लक्ष्मी देवी ने भी बेटे की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि अभी उम्मीद बाकी है। गुलवीर की अगली दौड़ 5 हजार मीटर की है और उन्हें भरोसा है कि इस बार बेटा सोना जीतकर लौटेगा। मां ने कहा- "अभी उम्मीद है कि गोल्ड भी जीतेगा। कल 5 हजार की दौड़ है। बाबा ने हमारी सुन ली है।"
दूसरे इवेंट में भी पदक से बढ़ा उत्साह
गुलवीर ने 1500 मीटर में तेज रफ्तार के साथ दौड़ लगाते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले वह 10 हजार मीटर में भी रजत पदक जीत चुके हैं। एक ही एशियन गेम्स में अलग-अलग दूरी की स्पर्धाओं में लगातार दो रजत पदक जीतना उनके शानदार प्रदर्शन को दर्शाता है। गुलवीर के दूसरे पदक के बाद सिरसा में परिवार और ग्रामीणों की निगाहें अब उनकी अगली दौड़ पर टिक गई हैं। 5 हजार मीटर की स्पर्धा में उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीद की जा रही है। गांव में हर कोई अब उनके अगले मुकाबले का इंतजार कर रहा है।
दादी की खुशी देखते ही बनी
98 वर्षीय दादी गेंद्रो देवी को जैसे ही पोते के दूसरे पदक की खबर मिली, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है और मन प्रसन्न हो गया है। परिवार के लिए गुलवीर का यह लगातार दूसरा पदक गौरव का मौका है। सिरसा में देर शाम तक गुलवीर की जीत की चर्चा और बधाइयों का दौर चलता रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)