हाईवे पर सिकंदरा में टैंकर ने ट्रक को मारी टक्कर:कानपुर देहात में इलाज के दौरान खलासी की मौत, चालक भी घायल
कानपुर देहात में तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह सिकंदरा थाना क्षेत्र में महटौली पुल के पास एक खाली टैंकर ने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक पर सवार चालक और खलासी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल खलासी की इलाज के दौरान मंगलवार शाम करीब 7 बजे मौत हो गई। दरअसल, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे सिकंदरा थाना क्षेत्र के महटौली पुल के पास मामा होटल के नजदीक सड़क हादसे की सूचना पुलिस को मिली थी। बताया गया कि राजस्थान नंबर का एक खाली टैंकर अपने आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में सवार चालक और खलासी घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सिकंदरा अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में ट्रक के खलासी राजेंद्र के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ था। उनकी हालत गंभीर होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल माती रेफर कर दिया गया। हालांकि, जिला अस्पताल में उपचार के दौरान राजेंद्र ने दम तोड़ दिया। मृतक राजेंद्र औरैया जिले के रूरू खुर्द क्षेत्र के रौरी गांव के रहने वाले थे। वहीं, ट्रक चालक चमर सिंह राजस्थान के सीकर जिले के नीम का थाना क्षेत्र के निवासी हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों और दोनों वाहनों के मालिकों को फोन के जरिए सूचना दे दी। सिकंदरा थाना प्रभारी ने बताया शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात भी सुचारू करा दिया गया था फिलहाल पुलिस मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)