गौशाला में 20 गोवंशों की मौत:बदायूं का एनजीओ संचालक लखनऊ से गिरफ्तार, सचिव पहले ही सस्पेंड; BDO को प्रतिकूल प्रविष्टि
बदायूं के सलारपुर ब्लाक क्षेत्र और थाना बिनावर क्षेत्र के ब्यौर गांव की गौशाला में करीब 20 गोवंशों की मौत के मामले में कार्रवाई का दायरा बढ़ता जा रहा है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर एनजीओ संचालक उमेश कुमार लोधी को मंगलवार सुबह 6 बजे लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। दोपहर को पुलिस उसे यहां लेकर पहुंची। इससे पहले प्रशासन गौशाला के सचिव को निलंबित कर चुका है, जबकि संबंधित BDO को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। ग्राम प्रशासक तंजीम अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ब्यौर गांव में बनी अस्थायी गौशाला में करीब 223 गोवंश थे। इनकी देखरेख की जिम्मेदारी जनकल्याण एवं विकास समिति के संचालक उमेश कुमार लोधी की थी। आरोप है कि गौशाला में गोवंशों के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। लगातार तीन दिन हुई बारिश के दौरान गौशाला में पानी भर गया। इसी दौरान करीब 20 गोवंशों की मौत हो गई। तहरीर में आरोप लगाया गया कि गोवंशों की देखरेख में गंभीर लापरवाही बरती गई। सरकार की ओर से गौशाला में रखे प्रत्येक गोवंश के लिए 50 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से एनजीओ को धनराशि दी जा रही थी। इसके बावजूद पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। ग्राम प्रशासक ने सरकारी धन के दुरुपयोग और गोवंशों के प्रति क्रूरता का आरोप लगाते हुए एनजीओ संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी की तलाश की और मंगलवार सुबह लखनऊ के जानकीपुरम क्षेत्र से उमेश कुमार लोधी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे बिनावर थाने लाया गया और कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। मामले में प्रशासनिक स्तर पर भी जिम्मेदारी तय की जा रही है। गौशाला के सचिव को पहले ही निलंबित किया जा चुका है, जबकि संबंधित BDO को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। पुलिस की गिरफ्तारी टीम में अपराध निरीक्षक अवधेश कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह, उप निरीक्षक गौरव तेवतिया, हेड कांस्टेबल पंकज कुमार और कांस्टेबल शिवानी पाल शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)