घर में प्रसव के दौरान नवजात की मौत:कुछ घंटे बाद मां ने भी दम तोड़ा, 17 हजार लेकर डिलीवरी कराने का आरोप

Oct 01, 2026 - 21:00
0
घर में प्रसव के दौरान नवजात की मौत:कुछ घंटे बाद मां ने भी दम तोड़ा, 17 हजार लेकर डिलीवरी कराने का आरोप
हरदोई में बुधवार रात करीब 9 बजे एक महिला ने मृत नवजात बच्ची को जन्म दिया। इसके कुछ घंटे बाद गुरुवार सुबह करीब 7 बजे प्रसूता की भी मौत हो गई। परिवार में करीब 15 साल बाद खुशियां आने वाली थीं। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। मामला बेनीगंज कस्बे के नयापुरवा मोहल्ले का है। 17 हजार रुपए में प्रसव कराने का आरोप संडीला कोतवाली क्षेत्र के पिरकापुर गांव निवासी हीरालाल अपनी 35 वर्षीय पत्नी राजेश्वरी देवी को मंगलवार को नयापुरवा निवासी दाई गोमती के घर लेकर पहुंचे थे। राजेश्वरी का यह पहला प्रसव था। उसकी मां सुंदरा देवी के मुताबिक, सोमवार को वह बेटी को सीएचसी कोथावां लेकर गई थीं। वहां डॉक्टर ने अभी प्रसव में समय होने की बात कही थी। आरोप है कि दाई गोमती ने 17 हजार रुपए में प्रसव कराने की बात तय की थी। इसके बाद राजेश्वरी को अपने घर में रख लिया। बुधवार रात प्रसव के दौरान मृत बच्ची का जन्म हुआ। इसके बाद राजेश्वरी की हालत बिगड़ गई। गुरुवार सुबह उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अतुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संडीला सीएचसी अधीक्षक मनोज सिंह की तहरीर पर दाई गोमती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। 2023 में भी दर्ज हुआ था मामला नोडल अधिकारी डॉ. मनोज सिंह ने बताया कि प्रसव वाले स्थान को सीज कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि महिला करीब 8 माह की गर्भवती थी। अधिकारियों के मुताबिक, दाई गोमती के खिलाफ वर्ष 2023 में भी प्रसव के दौरान मौत का मामला दर्ज हुआ था। उस मामले में वह जेल जा चुकी है। जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से प्रसव कराने का काम करने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User