गंगानगर में कारोबारी के बेटों पर हमले का VIDEO:VIDEO में पीटते दिख रहे 10 से 12 हमलावर, दरोगा बोला- मामूली मारपीट तो है
मेरठ के गंगानगर में ई-कॉमर्स कंपनी के कर्मचारियों की गुंडई का VIDEO सामने आया है। VIDEO में 10 से 12 युवक बड़ी बेरहमी से दोनों भाईयों को पीटते दिखाई दे रहे हैं। पूरी घटना रोडरेज से जुड़ी है, जिसने फिर एक बार शहर की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है। चौकाने वाली बात तो यह है कि गुंडई का वीडियो सामने आने के बाद भी पुलिस इस मामले को मामूली मारपीट बताकर लीपापोती में जुटी है। VIDEO से समझें पूरा घटनाक्रम… कसेरूबक्सर निवासी कारोबारी विनीत गर्ग के बेटे नैतिक गर्ग और विहान गर्ग बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे गंगानगर से वापस घर लौट रहे थे। दोनों भाई सुभारती विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर रहे हैं। कसेरूबक्सर चौराहे के पास उनकी स्कूटी की रांग साइड से आ रही बाइक पर सवार युवकों से टक्कर हो गई। यह युवक ई-कॉमर्स कंपनी जेप्टो के कर्मचारी थे।
टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद जेप्टो कर्मचारियों ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह बीच बचाव हुआ तो दोनों भाई हमलावर कर्मचारियों की शिकायत करने के लिए जेप्टो के दफ्तर की ओर चल दिए। दफ्तर के अंदर घेरकर किया हमला
नैतिक और विहान मैनेजर से शिकायत करने जा ही रहे थे कि इन हमलावर कर्मचारियों ने फोन कर अपने कुछ और साथियों को बुला लिया। इसके बाद इन सभी ने दोनों भाईयों को जेप्टो के दफ्तर के अंदर ही घेरकर दोबारा हमला कर दिया। वायरल VIDEO में दिख रहा है कि किस तरह से 10 से 12 हमलावर दोनों भाईयों को घेरकर बुरी तरह पीट रहे हैं। करीब 35 मिनट तक यह दोनों भाईयों को पीटते हैं और फिर शर्ट की आस्तीन चढ़ाते हुए वहां से फरार हो जाते हैं। पिता ने निजी अस्पताल में कराया भर्ती
खुद पर हुए हमले की नैतिक और विहान ने परिवार को सूचना दी। पिता विनीत गर्ग जेप्टो के दफ्तर पहुंच गए। उन्होंने देखा कि एक बेटे के सिर से खून बह रहा है और वह दर्द से कराह रहा है जबकि दूसरा भी पास ही बदहवास बैठा है। उन्होंने पूरा घटनाक्रम जाना और पुलिस को सूचना दे दी। कुछ ही देर में गंगानगर थाने की पुलिस पहुंच गई। विनीत गर्ग अपने दोनों बच्चों को लेकर पास के निजी अस्पताल आ गए और उन्हें भर्ती करा दिया। VIDEO साफ दिख रहे हमलावरों के चेहरे
जेप्टो के दफ्तर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना दिखाई दे रही है। भीड़ के रूप में यह हमलावर दोनों भाईयों को घेरकर ताबड़तोड़ हमले करते दिख रहे हैं। कुछ ने नैतिक व विहान की गर्दन दबा रखी है और कुछ सामने से उन पर हमले कर रहे हैं। जिस तरह हमला हुआ, उसने इन भाईयों को जरा भी संभलने का मौका नहीं दिया। पास में कुछ लोग मौजूद हैं लेकिन कोई इन दबंगों की दबंगई का विरोध जताने का साहस ही नहीं दिखा पा रहा। VIDEO डिलीट करने का हुआ प्रयास
विहान और नैतिक पर हमले के बाद वहां अफरातफरी मच गई। वारदात के बाद हमलावरों की सीसीटीवी कैमरों पर नजर पड़ी। आरोप है कि इन हमलावरों ने इन कैमरों की फुटेज भी डिलीट कराने का प्रयास किया लेकिन विनीत गर्ग के विरोध के चलते वह सफल नहीं हुए। हालांकि उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के कनेक्टर जरूर निकाल दिए। लेकिन तब तक की घटना कैद हो चुकी थी। दरोगा बोला- मामूली मारपीट ही तो है
रोडरेज की इस घटना ने कानून व्यवस्था पर तो सवाल खड़े ही किए हैं, साथ ही पुलिस की मानसिकता को भी बयां कर दिया है। शायद यही मानसिकता है, जिस कारण असामाजिक तत्वों से खाकी का खौफ खत्म हो गया है। दरअसल, विनीत गर्ग अपने बेटों संग हुई मारपीट के बाद पुलिस से मिले और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि बेटों की जान भी जा सकती थी। इस पर एक दरोगा बोला- इसमें जान कैसे चली जाती, सामान्य मारपीट ही तो हुई है...! दरोगा का यह जवाब सुनकर विनीत दंग रह गए। पुलिस का दावा- हमलावरों की तलाश जारी
विनीत गर्ग का कहना है कि 10 से 12 हमलावर थे। करीब सात से आठ ऐसे थे जो बाहरी युवक थे। उनके अलावा जितने भी हमलावर थे, सभी जेप्टो के कर्मचारी थे। पुलिस दफ्तर से उनका विवरण ले लेकिन मामले में लीपापोती का प्रयास किया जा रहा है। उधर, गंगानगर SHO विनय कुमार ने बताया कि पुलिस ने एक हमलावर की पहचान की है, जिसकी तलाश में दबिश डाली गई थी। फिलहाल हमलावर फरार हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)