गोंडा की झील में दिखा मगरमच्छ:तटीय इलाकों में गांव के करीब पहुंचा, वन विभाग की टीम तलाश में जुटी
गोंडा में घाघरा और सरयू नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच तटीय क्षेत्रों में अब जलीय जीवों का गंभीर खतरा मंडराने लगा है। आज सोमवार को देर शाम 4.30 बजे तरबगंज तहसील क्षेत्र के ब्योन्दा माझा में नदी से निकलकर गांव के मुहाने तक पहुंचे एक विशालकाय मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में भारी हड़कंप मच गया। रिहायशी इलाके के बेहद करीब मगरमच्छ की मौजूदगी से तटवर्ती गांवों के लोग भारी दहशत में जीने को मजबूर हैं। नदियों में उफान के चलते मगरमच्छ और घड़ियाल लगातार रिहायशी इलाकों की तरफ बढ़ रहे हैं। ब्योन्दा माझा में देखा गया मगरमच्छ बार-बार नदी से निकलकर आबादी की ओर आ रहा है। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने और हांका लगाने पर वह कुछ देर के लिए नदी में लौट जाता है, लेकिन खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया,जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने और ग्रामीणों की सूचना के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग तुरंत हरकत में आ गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की विशेष टीम को रेस्क्यू और निगरानी के लिए तत्काल मौके पर भेजा गया है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि नवाबगंज से लेकर तरबगंज तक के संवेदनशील तटीय क्षेत्रों पर प्रशासन पैनी नजर रखे हुए है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही मगरमच्छों के बाहर आने की संभावना बढ़ जाती है। प्रभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और वन कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य रखने, नदी के किनारों पर जाने से बचने और मगरमच्छ दिखने पर फौरन अधिकारियों को सूचित करने की अपील की है। गोंडा के प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी ने बताया कि वन्यजीवों की सक्रियता और जनसुरक्षा के मद्देनजर इस पूरे क्षेत्र को 'डेंजर जोन' घोषित कर दिया गया है। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर गहरे पानी में छोड़ा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)