गोंडा में विकास कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त:ईओ के वेतन रोकने के निर्देश, नाला निर्माण और कई वार्डों में काम शुरू न होने पर कार्रवाई

Oct 06, 2026 - 17:25
0
गोंडा में विकास कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त:ईओ के वेतन रोकने के निर्देश, नाला निर्माण और कई वार्डों में काम शुरू न होने पर कार्रवाई
गोंडा में नगर निकायों में चल रहे विकास कार्यों में लापरवाही और खराब प्रगति पर डीएम प्रियंका निरंजन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने नगर पालिका गोंडा में समय से नाला निर्माण पूरा नहीं होने और कई वार्डों में काम शुरू न किए जाने पर नाराजगी जताई। डीएम ने नगर पालिका गोंडा के अधिशासी अधिकारी संतराम का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही जिन संस्थाओं ने कार्य शुरू नहीं किए हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई करने को कहा। समीक्षा के दौरान नगर पंचायत धानेपुर में कराए गए विकास कार्य भी संतोषजनक नहीं पाए गए। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिशासी अधिकारी रागिनी वर्मा को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। संबंधित कार्यों की जांच कराने को भी कहा गया। तरबगंज ईओ का वेतन रोकने के निर्देश नगर पंचायत तरबगंज में कराए गए कार्यों की स्थिति भी ठीक नहीं मिली। डीएम ने अधिशासी अधिकारी अमरनाथ को शोकाज नोटिस जारी करने के साथ वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पंचायत में पहले कराए गए और वर्तमान में चल रहे सभी कार्यों की जांच कराने की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी को सौंपी। परसपुर के अन्त्येष्टि स्थल की स्थिति पर भी नाराजगी नगर पंचायत परसपुर में निर्माणाधीन अन्त्येष्टि स्थल का काम भी संतोषजनक नहीं पाया गया। डीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए अधिशासी अधिकारी बेलसर अनुराग शुक्ला को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही परसपुर में कराए गए और चल रहे सभी विकास कार्यों की जांच कराने को कहा। जियो-टैग फोटो और स्थलीय निरीक्षण पर जोर डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे कराए जाएं। जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। कार्यों की वास्तविक स्थिति की निगरानी के लिए जियो-टैग फोटोग्राफ और स्थलीय निरीक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। योजनाओं के कार्यों की वार्डवार हुई समीक्षा बैठक में सीवरेज एवं जल निकासी योजना, पं. दीन दयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, पेयजल व्यवस्था, आकांक्षी नगर योजना, अन्त्येष्टि स्थल योजना, नगरीय झील-तालाब-पोखर संरक्षण योजना, वंदन योजना और मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। मोहल्ला और वार्डवार नाली-नाला निर्माण, पार्क, कवर आरसीसी रोड, हाईमास्ट लाइट, ओपन जिम और तालाब सौन्दर्यीकरण समेत अन्य कार्यों की प्रगति देखी गई। अधिकारियों ने कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद की जियो-टैग फोटोग्राफ के जरिए पीपीटी प्रस्तुति दी। डीएम ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रमोद झा, नगर पालिका गोंडा, करनैलगंज व नवाबगंज के अधिशासी अधिकारियों के साथ नगर पंचायत परसपुर, बेलसर, खरगूपुर, तरबगंज, मनकापुर, धानेपुर और कटरा बाजार के अधिशासी अधिकारी तथा एलबीसी अनिल सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User