गोरखपुर के चटोरी गली में 3 दिन में बदलेंगे बैरियर-बोलार्ड:बंद पड़े फव्वारे और साउंड सिस्टम भी होंगे चालू
गोरखपुर के गोलघर की चटोरी गली में ग्राहकों की आवाजाही आसान बनाने के लिए इंदिरा बाल विहार की तरफ लगे बैरियर और बोलार्ड की स्थिति बदली जाएगी। व्यापारियों की मांग पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन ने तीन दिन के भीतर व्यवस्था बदलने का आश्वासन दिया है। सोमवार को नगर निगम के सभाकक्ष में हुई बैठक में व्यापारियों ने यह मुद्दा उठाया। साथ ही चटोरी गली में बंद पड़े साउंड सिस्टम और फव्वारे को दोबारा चालू कराने की मांग की। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और चटोरी गली के विकास को लेकर चर्चा हुई। व्यापारियों ने बताया कि नगर निगम की ओर से क्षेत्र में सफाई, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए किए गए इंतजामों से सहूलियत मिली है। इसके लिए उन्होंने महापौर, नगर आयुक्त और निगम प्रशासन का आभार जताया। बैरियर-बोलार्ड की स्थिति बदलने की मांग चटोरी गली के व्यापारियों ने गोलघर की ओर इंदिरा बाल विहार की तरफ लगे बैरियर और बोलार्ड की स्थिति आपस में बदलने की मांग की। उनका कहना था कि इससे ग्राहकों को आने-जाने में आसानी होगी और दुकानों तक पहुंचने में होने वाली परेशानी कम होगी। महापौर और नगर आयुक्त ने इस मांग पर सहमति जताते हुए तीन दिन के भीतर व्यवस्था बदलने का भरोसा दिया। व्यापारियों ने चटोरी गली के भीतर बंद पड़े साउंड सिस्टम और फव्वारे को भी दोबारा संचालित करने की मांग उठाई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन्हें चालू कराने के लिए तत्काल निर्देश जारी किए। 15 दिन में व्यापारियों के साथ होगी बैठक बैठक में व्यापारियों की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। नगर निगम प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि समस्याओं का नियमानुसार और समय से निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए यथासंभव प्रत्येक 15 दिन में व्यापारियों के साथ नियमित बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि समस्याओं की समीक्षा कर उनका समाधान कराया जा सके। बैठक के दौरान व्यापारियों ने सर्वसम्मति से गठित ‘इंदिरा बाल विहार चटोरी गली व्यापार मंडल’ के पदाधिकारियों की जानकारी भी नगर निगम अधिकारियों को दी। इसमें अनिल सिंह को अध्यक्ष, दिग्विजय सिंह को उपाध्यक्ष और उपेंद्र यादव को महामंत्री चुना गया है। बैठक में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव और पार्षद अजय राय मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)