गोरखपुर में बीमा कर्मचारियों का महाधिवेशन:एकजुटता और नई भर्ती की उठी मांग; अजय सिंह अध्यक्ष और रुपेश पाण्डेय महामंत्री निर्वाचित

Oct 25, 2026 - 17:59
0
गोरखपुर में बीमा कर्मचारियों का महाधिवेशन:एकजुटता और नई भर्ती की उठी मांग; अजय सिंह अध्यक्ष और रुपेश पाण्डेय महामंत्री निर्वाचित
गोरखपुर डिवीजन इंश्योरेंस इम्प्लाइज यूनियन के 31वें महाधिवेशन के दूसरे दिन कर्मचारियों की एकजुटता, अधिकारों की रक्षा और बीमा क्षेत्र में हुए बदलावों के प्रभावों पर चर्चा हुई। ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लाइज एसोसिएशन (AIIEA) के महामंत्री कामरेड श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि कर्मचारियों की एकता और संघर्ष ही देश व संस्थानों की सुरक्षा का मजबूत आधार है। अधिकारों की रक्षा के लिए कर्मचारियों को संगठित होकर आवाज उठानी होगी और विभिन्न मुद्दों पर संघर्ष कर रहे लोगों के साथ खड़ा होना होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपने विचार और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने के लिए विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अध्ययन करना चाहिए। अध्ययन से मुद्दों को समझने और सही निष्कर्ष तक पहुंचने में मदद मिलती है। उन्होंने जोर दिया कि केवल अपने अधिकारों तक सीमित रहने के बजाय समाज के दूसरे वर्गों के संघर्षों में भी भागीदारी करनी चाहिए। एकजुटता और सामूहिक प्रयासों से ही कर्मचारियों के हितों की रक्षा की जा सकती है। 26 साल के सुधारों के प्रभाव पर उठाए सवाल कामरेड श्रीकांत मिश्रा ने बीमा क्षेत्र में पिछले 26 वर्षों के दौरान हुए सुधारों के प्रभावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन सुधारों के बावजूद बीमा प्रीमियम में कमी आने के बजाय वृद्धि हुई है। आम लोगों की बचत करने की क्षमता में गिरावट को भी उन्होंने चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि बीमा क्षेत्र से जुड़े बदलावों का मूल्यांकन आम लोगों और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। वर्गीय एकता और नई भर्ती पर जोर नॉर्थ सेंट्रल जोनल इंश्योरेंस एम्प्लाइज फेडरेशन (NCZIEF) के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कामरेड ललित शर्मा ने वर्गीय एकता को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने शोषणविहीन समाज की स्थापना के लिए संगठित प्रयासों पर जोर दिया। वहीं, क्षेत्रीय संगठन के महामंत्री कामरेड राजीव निगम ने कहा कि संगठनात्मक गतिविधियों और कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को तथ्यों के आधार पर सामने रखने, बीमा क्षेत्र में नई भर्ती की मांग उठाने और संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। अजय सिंह अध्यक्ष, रुपेश पाण्डेय महामंत्री निर्वाचित महाधिवेशन के अंत में नई कार्यकारिणी का चुनाव कराया गया। इसमें अजय सिंह को अध्यक्ष, रुपेश पाण्डेय को महामंत्री और महेंद्र श्रीवास्तव को कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन को आगे बढ़ाने और कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। महाधिवेशन में शेषनाथ राम, अजय सिंह, पीके शर्मा, महेंद्र श्रीवास्तव, आशीष भूषण और पीएन तिवारी समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User