अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह के 7 बदमाश पकड़े गए:दिन में रेकी कर रात में चुराते थे भैंस-बच्चे; 5 भैंस, 2 बच्चे, 2 वाहन और हथियार मिले
हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने रविवार शाम 4 बजे अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की पांच भैंस और दो भैंस के बच्चे बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल किए गए दो वाहन भी मिले हैं। गाजियाबाद और हापुड़ के रहने वाले हैं आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान उर्फ सलमान उर्फ भैंसा निवासी कलछीना, थाना भोजपुर, गाजियाबाद; मनीष उर्फ चिंटू और दीपक निवासी रझेड़ा, थाना सिंभावली, हापुड़; सागर निवासी मुकीमपुर, थाना भोजपुर, गाजियाबाद; मोहसीन और यामीन निवासी ढबारसी तथा रहीश निवासी नाहल, थाना मसूरी, गाजियाबाद के रूप में की है। अरमान गैंग का सरगना है। ASP महेश कुमार के मुताबिक, गिरोह के सदस्य दिन में पशुपालकों के ठिकानों की रेकी करते थे। रात में मौका पाकर पशुओं को चुरा लेते थे। इसके बाद चोरी के पशुओं को पैंठ में बेचकर पैसे कमाते थे। गिरफ्तार आरोपी बदमाश हैं। इनके खिलाफ हापुड़ और बुलंदशहर जिलों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब छह दर्जन केस दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी भी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)