हैंडलर ने टाइगर के शूटर्स को टीवी देखकर अपडेट किया:मैसेज कर बोला- चेहरे दिख गए हैं, निकलो; दावा- सलमान की तारीफ से नाराज था लॉरेंस गैंग
मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले शूटर्स को वारदात के बाद भी बाहर से जानकारी मिल रही थी। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, टीवी न्यूज देखकर कोई व्यक्ति उन्हें फोन और मैसेज के जरिए पुलिस की जांच के अपडेट दे रहा था। न्यूज पर चेहरे दिखने के बाद रेहान को मैसेज आया- “तुम्हारे चेहरे आ गए हैं, यहां से निकल जाओ।” पुलिस को पता चला कि आरोपियों को बाइक मिलने और उनके भागने के तरीकों की जानकारी भी दी जा रही थी। वे मुंबई से निकलने के लिए बाइक, ट्रेन और कैब का इस्तेमाल करते रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें जांच की जानकारी कौन दे रहा था। अनिल पंडित, अंकित और समीर पर शक पुलिस अभी यह पता नहीं लगा पाई है कि शूटर्स को टीवी न्यूज के अपडेट कौन भेज रहा था। जांचकर्ताओं को शक है कि रेहान को कम्युनिकेशन ऐप के जरिए निर्देश देने वाला व्यक्ति अनिल पंडित, अंकित खटक या समीर खत्री में से कोई हो सकता है। पुलिस के मुताबिक, अंकित और समीर कथित तौर पर शूटर्स और अनिल पंडित के बीच संपर्क की कड़ी थे। CCTV फुटेज में रेहान लगातार फोन पर बात करता दिखा। पुलिस को पता चला कि आरोपी इंटरनेट के जरिए वॉयस कॉल कर रहे थे। ऐसी कॉल सामान्य मोबाइल कॉल रिकॉर्ड में नहीं दिखतीं। अब आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उनकी बातचीत से जुड़े कुछ सबूत मिले हैं। हालांकि, किस ऐप का इस्तेमाल हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बाइक से ट्रेन, फिर कैब से भागे आरोपी पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शूटर्स को मैसेज के जरिए बताया गया कि पुलिस ने अंधेरी में उनकी बाइक का पता लगा लिया है और उन्हें ट्रेन से भागने की जानकारी भी मिल गई है। पुलिस को शक है कि इसी वजह से आरोपी बार-बार सफर का तरीका बदल रहे थे। वे बाइक से ट्रेन और फिर कैब में गए। आरोपियों ने पहले सूरत बस स्टैंड से बस पकड़ने की योजना बनाई, लेकिन देरी होने पर दूसरी ट्रेन से जाने का फैसला किया। मुंबई पुलिस के अनुरोध पर कोटा पुलिस ने उसी ट्रेन में उन्हें पकड़ लिया। कैब ड्राइवर को की गई कॉल से मिला सुराग द इंडियन एक्सप्रेस की 20 अक्टूबर की रिपोर्ट के मुताबिक, भागते समय आरोपियों ने मोबाइल नेटवर्क के बजाय इंटरनेट के जरिए कॉल की थीं। इससे उनकी बातचीत को ट्रेस करना मुश्किल था। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने सिर्फ एक सामान्य फोन कॉल की थी, जो मुंबई के बोरीवली से सूरत तक उन्हें ले जाने वाले कैब ड्राइवर को की गई थी। इसी कॉल से पुलिस सूरत पहुंची और उस रेलवे स्टेशन का पता लगाया, जहां से आरोपी जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हुए थे। बाद में कोटा में तीन कथित शूटरों को गिरफ्तार किया गया। फायरिंग में 10 आरोपी गिरफ्तार 18 अक्टूबर की शाम जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद अभिनेता सुरक्षित बच गए थे, जबकि उनके ड्राइवर और एक व्लॉगर घायल हुए थे। पुलिस ने अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध होने का दावा करते हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी, हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)