महिला से आपत्तिजनक बातचीत पर चौकी प्रभारी सस्पेंड:मऊ SP ने सीओ को जांच सौंपी, कहा था- मिलने आओ, वीडियो कॉल का बनाया था दबाव
मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र की दुबारी पुलिस चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक ओमप्रकाश सिंह को आपत्तिजनक ऑडियो वायरल होने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर एक महिला से अमर्यादित एवं आपत्तिजनक बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रारंभिक जांच में कदाचरण की पुष्टि होने पर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। मामले की विभागीय जांच क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना जितेंद्र सिंह को सौंपी गई है। ऑडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश सिंह की पिछले सप्ताह दुबारी चौकी पर तैनाती हुई थी। इसी दौरान उनका एक कथित आपत्तिजनक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पहले लाइन हाजिर किया गया और वायरल ऑडियो की जांच कराई गई। शुक्रवार देर रात जारी वीडियो में क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि थाना मधुबन क्षेत्र की दुबारी चौकी पर तैनात रहे उपनिरीक्षक ओमप्रकाश सिंह का आपत्तिजनक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ऑडियो संज्ञान में आने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करते हुए मामले की जांच कराई गई। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऑडियो में अमर्यादित एवं आपत्तिजनक संवाद किए जाने और कदाचरण की पुष्टि हुई। इसके बाद उपनिरीक्षक को निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र भूषण तिवारी के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई के लिए विभागीय जांच क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना जितेंद्र सिंह को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद महकमे में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)