ऑडियो क्लिप पर महाराष्ट्र गठबंधन में तनाव:CM ने जांच के आदेश दिए; ढाई साल पुरानी क्लिप में दावा- शिंदे के बेटे ने जरांगे को 500 करोड़ दिए
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर विवादित ऑडियो क्लिप को लेकर तनाव बढ़ गया है। दरअसल, मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे ने गुरुवार को एक ऑडियो क्लिप जारी की, जिसमें एक महिला कह रही है कि शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे के जरिए जरांगे को 500 करोड़ रुपए दिए गए। इसके सामने आने के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को ऑडियो क्लिप की फॉरेंसिक जांच के आदेश दिए। फडणवीस ने कहा कि क्लिप की पूरी जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी। इसी मामले में शिवसेना नेता रामदास कदम ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP के कुछ लोग जरांगे के साथ मिलकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को राजनीतिक रूप से खत्म करने की साजिश कर रहे हैं। फडणवीस बोले- कई सवालों के जवाब जरूरी फडणवीस ने नागपुर ग्रेजुएट्स सीट के महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में वोट डालने के बाद मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे जांच की मांग की थी। शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने ऑडियो में सामने आए BJP नेताओं के नामों पर भी सवाल उठाए हैं। फडणवीस ने कहा कि BJP ने भी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा, “हम सभी के मन में एक ही सवाल है। ये बातचीत ढाई साल बाद ही क्यों सामने आई? इन्हें सामने लाने के पीछे क्या मकसद है? निशाने पर कौन है और किस उद्देश्य से?” फडणवीस ने कहा कि इस मामले में कई सवाल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जरांगे ने खुद ऑडियो की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा, “शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल ने जांच मांगी है और BJP ने भी ऐसा किया है। जरांगे ने भी जांच की मांग की है। इसलिए इस मामले की फोरेंसिक तरीके से पूरी जांच होगी और जो भी सच्चाई है, वह सामने आएगी।” जरांगे ने गुरुवार को जारी किया था ऑडियो जरांगे ने गुरुवार को जालना में यह ऑडियो क्लिप जारी की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें चुप कराने और मराठा आंदोलन को कमजोर करने की साजिश रची गई है। उन्होंने यह रिकॉर्डिंग तब सार्वजनिक की, जब उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनसे आरोप साबित करने को कहा था। शिंदे ने आरोपों पर कहा था कि BJP से मिले 500 करोड़ रुपए उन्होंने अपने बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे के जरिए जरांगे तक पहुंचाए। वायरल ऑडियो में एक महिला के कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि श्रीकांत शिंदे के जरिए जरांगे को 500 करोड़ रुपए दिए गए। श्रीकांत शिंदे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे हैं। रिकॉर्डिंग में कुछ लोग कथित तौर पर मराठवाड़ा क्षेत्र में जरांगे के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव का मुकाबला करने की रणनीति पर चर्चा करते सुनाई देते हैं। यह चर्चा 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले की बताई गई है। रिकॉर्डिंग में एक वक्ता कथित तौर पर जरांगे का सीधे विरोध करने के बजाय अप्रत्यक्ष तरीके से जवाब देने की बात करता है। वह कहता है कि BJP को मराठा विरोधी बताने वाला जरांगे का अभियान चुनावी चुनौती बन सकता है। रामदास कदम ने BJP नेताओं पर उठाए सवाल कदम ने जरांगे पर मराठा समुदाय को गुमराह करने और समूहों के बीच दरार पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जरांगे राज्य की टेंडर प्रक्रिया में शामिल हैं। कदम ने कहा, “आप BJP के साथ मिलकर मराठा नेता एकनाथ शिंदे को खत्म करने की साजिश रच रहे हैं।” उन्होंने BJP के भीतर उन लोगों के नाम पूछे, जो शिंदे को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। कदम ने कहा कि BJP के विधान परिषद सदस्य प्रवीण दरेकर और प्रसाद लाड के नाम इस विवाद से जुड़े हैं। दोनों नेताओं को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का करीबी माना जाता है। कदम ने लाड और जरांगे के साथ खाना खाते हुए तस्वीरें भी दिखाईं। कदम ने सवाल किया, “BJP में वे लोग कौन हैं, जो एकनाथ शिंदे को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं?” मोदी, शाह और भागवत को पत्र लिखा पूर्व मंत्री कदम ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है। उन्होंने इन सभी से ऑडियो क्लिप की विस्तृत फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है। कदम ने चेतावनी दी कि जिस दिन जरांगे एकनाथ शिंदे के खिलाफ जाएंगे, उस दिन समुदाय उनके खिलाफ खड़ा हो जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)