हापुड़ में खड़ी कार से निकला 7 फीट लंबा अजगर:खाना खाने रुके थे कार सवार, वन विभाग ने 2 घंटे में किया रेस्क्यू
हापुड़ में रेलवे रोड पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर करीब सात फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। कार में सांप होने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सिंभावली निवासी मयंक किसी काम से हापुड़ आए थे। दोपहर करीब ढाई बजे वे रेलवे रोड पर खाना खाने के लिए रुके। इसी दौरान उनकी नजर कार के अंदर छिपे अजगर पर पड़ी। कार में अजगर देखकर वह घबरा गए और आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी वहां पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। कार को सुनसान जगह ले जाकर शुरू किया रेस्क्यू लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में कार को रेलवे रोड से हटाकर एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने अजगर को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अजगर कार के अलग-अलग हिस्सों में छिपा हुआ था। उसे सुरक्षित निकालने में टीम को करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। आखिरकार करीब सात फीट लंबे अजगर को कार से बाहर निकाल लिया गया। अजगर के निकलते ही लोगों ने ली राहत की सांस अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। रेस्क्यू के दौरान काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)