हरदोई में विवाहिता का शव रखकर मायके-वालों ने किया प्रदर्शन:फंदे पर लटका मिला था शव, हिरासत में पति-ससुर
हरदोई जनपद में शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ाता गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया। हरियाणा से पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने मंगलवार की शाम 4:15 बजे शहर के डीएम चौराहे पर शव को पिकअप से उतवाकर सड़क पर रख दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। मृतका के भाइयों ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के कारण उनकी बहन की जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाया और मौके पर ही आरोपियों के खिलाफ तहरीर लिखवाई। इसके बाद परिजन शांत हुए। आरोपी पति और ससुर को हिरासत में लिया गया है। सोमवार की दोपहर करीब 3:30 बजे सपना का शव साड़ी के फंदे से कमरे में लटका मिला था। बघौली थाने के अनवरखेड़ा मजरा विक्टोरिया गंज चौंसा निवासी रामचंद्र की 30 वर्षीय पुत्री सपना की शादी 6साल पहले धीरज के साथ हुई थी। सपना का एक दो वर्षीय और दूसरा 8 माह का पुत्र है। मंगलवार की दोपहर करीब 3बजे पुलिस ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शाम करीब 4:15बजे पति धीरज, ससुर राम सिंह व अन्य परिजन शव लेकर शाहाबाद के लिए रवाना हुए। जब शव वाहन शहर के डीएम चौराहे के पास पहुंचा, तो हरियाणा के सिरसा से सीधे पहुंचे मृतका के भाई आलोक, कुलदीप, सनी, प्रदीप और अन्य परिजनों ने पिकअप को बीच रास्ते में रोक लिया। उन्होंने ससुराल वालों पर सपना को प्रताड़ित करने और शव न दिखाने का गंभीर आरोप लगाया। आक्रोशित परिजनों ने शव को वाहन से नीचे उतारकर सड़क पर रख दिया और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे करीब 1.15 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान परिजनों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर सदर तहसीलदार सचिन्द्र शुक्ला, सीओ सिटी अजीत सिंह, शहर कोतवाल संजय त्यागी पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद आलोक ने पति धीरज, ससुर राम सिंह, देवर हर्षित और सास सीता देवी के खिलाफ तहरीर दी। मौके पर पहुंचे शाहाबाद कोतवाल अरविंद कुमार राय को तहरीर सौंपकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)