इलाहाबाद हाईकोर्ट के पास पानी की टंकी पर चढ़ी महिला:जमीन विवाद को लेकर जताया विरोध, ऊपर से पत्र फेंककर रखी अपनी मांग
प्रयागराज में हाईकोर्ट के पास शुक्रवार सुबह एक महिला पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गई। महिला के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में महिला को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है। महिला ने टंकी के ऊपर से कुछ पत्र भी नीचे फेंके हैं, जिनमें भगवतपुर में सड़क/फोरलेन निर्माण के लिए जमीन से जुड़े विवाद और प्राचीन हनुमान मंदिर का उल्लेख किया गया है। महिला की पहचान पूनम दुबे (45), पत्नी ननकू दुबे के रूप में हुई है। वह भगवतपुर, एयरपोर्ट थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई हैं। महिला के बेटे के मुताबिक, जमीन से जुड़े मामले को लेकर उसकी मां नाराज हैं। इसी के विरोध में वह पानी की टंकी पर चढ़ी हैं। पत्र में मंदिर और जमीन बचाने की मांग महिला की ओर से नीचे फेंके गए पत्र में प्रार्थी के तौर पर पूनम दुबे पत्नी ननकू दुबे का नाम लिखा है। पत्र में भगवतपुर गांव में सड़क निर्माण के लिए जमीन लिए जाने का उल्लेख है। इसमें प्राचीन हनुमान मंदिर से जुड़ा मामला भी उठाया गया है। पत्र में महिला ने अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर मंदिर और जमीन को बचाने की मांग की है। पत्र में यह भी उल्लेख है कि निर्माण कार्य से आसपास की जमीन और मंदिर प्रभावित हो रहे हैं। महिला ने अपनी समस्या का समाधान कराने की मांग की है। बेटे ने बताया- जमीन को लेकर है आक्रोश महिला के बेटे ने बताया कि फोरलेन निर्माण के लिए जमीन से जुड़े मामले को लेकर परिवार में नाराजगी है। उनका कहना है कि इसी मुद्दे को लेकर उनकी मां अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाना चाहती हैं। शुक्रवार सुबह वह पानी की टंकी पर चढ़ गईं और ऊपर से पत्र नीचे फेंककर अपनी मांग अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया। पुलिस लगातार कर रही बातचीत महिला के टंकी पर चढ़ने के बाद आसपास भीड़ जुट गई। पुलिसकर्मी लगातार महिला से बातचीत कर रहे हैं और उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास जारी है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। अधिकारी महिला को समझाकर नीचे लाने के साथ ही पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं। पत्र में लगाए गए आरोपों और जमीन संबंधी विवाद की भी जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)