इटावा में महिला ने SSP ऑफिस के सामने जहर खाया:शिक्षक पर शादी का झांसा देकर उत्पीड़न का आरोप, गिरफ्तारी न होने से थी परेशान
इटावा में शादी का झांसा देकर उत्पीड़न और धमकियों से परेशान एक महिला ने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एसएसपी कार्यालय के सामने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला कांस्टेबल ने उसके हाथ से जहरीले पदार्थ की पुड़िया छीन ली, लेकिन तब तक कुछ पदार्थ उसके मुंह में जा चुका था। आनन-फानन में महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। महिला ने बताया कि वर्ष 2013 में उनकी पहली शादी हुई थी। 2014 में पति की मौत के बाद बच्चे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई। इसके बाद उन्होंने एक निजी अस्पताल में नौकरी शुरू कर दी। महिला के मुताबिक, वर्ष 2024 में उनकी पहचान सरकारी स्कूल के शिक्षक अरुण कुमार और उसके परिवार से हुई। आरोप है कि अरुण ने जबरन उनकी मांग भरकर शादी करने का दावा किया और सामाजिक रीति-रिवाजों से विवाह करने का भरोसा दिया। इसके बाद करीब डेढ़ साल तक उन्हें अपने साथ रखा और उनका शोषण किया। महिला का आरोप है कि जब उन्होंने अरुण से सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार शादी करने के लिए कहा तो उसने और परिवार के लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान सोने की चेन, अंगूठियां और झुमके छीनने का भी आरोप है। इसके बाद उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया। FIR के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप महिला ने बताया कि 19 तारीख को मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी। उनका आरोप है कि एसएसपी से शिकायत करने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसके बाद आरोपी की ओर से उन्हें और उनके बच्चे को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। लगातार तनाव में रहने के कारण महिला ने तीन दिन पहले घर में फांसी लगाने का प्रयास भी किया था। मंगलवार को वह एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और वहां जहरीला पदार्थ खा लिया। चकरनगर के सरकारी स्कूल में शिक्षक है आरोपी महिला के अनुसार, आरोपी अरुण कुमार चकरनगर थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव स्थित सरकारी विद्यालय में शिक्षक के पद पर तैनात है। महिला ने आरोपी की गिरफ्तारी और न्याय दिलाने की मांग की है। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. राघवेंद्र सिंह ने बताया कि जहरीला पदार्थ खाने के बाद महिला को अस्पताल लाया गया था। उसका उपचार किया जा रहा है और चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)