जालौन में सेवा संकल्प अभियान:डीएम ने बुजुर्गों का जाना हालचाल, स्वास्थ्य शिविर लगाकर दी बेहतर सेवाएं

Oct 01, 2026 - 17:09
0
जालौन में सेवा संकल्प अभियान:डीएम ने बुजुर्गों का जाना हालचाल, स्वास्थ्य शिविर लगाकर दी बेहतर सेवाएं
जालौन के उरई में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को वृद्ध आश्रम में आयोजित कार्यक्रम आत्मीयता और संवेदनाओं से भर गया। जिलाधिकारी समीर ने वृद्ध आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के बीच समय बिताया और उनसे अपनेपन के साथ संवाद कर उनका हालचाल जाना। जिलाधिकारी के आत्मीय व्यवहार से आश्रम में रह रहे वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी और अपनत्व की झलक दिखाई दी। जिलाधिकारी ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्रम में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी लेते हुए स्वयं बुजुर्गों से पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं है। इस दौरान वृद्धजनों ने भी जिलाधिकारी से खुलकर बातचीत की और उन्हें आशीर्वाद दिया। डीएम ने वृद्धजनों को माला पहनाकर, मिष्ठान और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव और मार्गदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जिलाधिकारी ने आश्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वृद्ध आश्रम परिसर में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम और चिकित्सकों ने बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा विभिन्न जांचों के बाद आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर वृद्धजनों को नियमित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। सम्मान, आत्मीय संवाद और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े इस आयोजन ने वृद्धजनों के प्रति संवेदना, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User