झांसी में स्नातक MLC चुनाव नामांकन प्रक्रिया शुरू:छावनी बना कमिश्नरी कार्यालय, कांग्रेस-भाजपा समेत चार दावेदारों ने खरीदे पर्चे

Oct 01, 2026 - 16:00
0
झांसी में स्नातक MLC चुनाव नामांकन प्रक्रिया शुरू:छावनी बना कमिश्नरी कार्यालय, कांग्रेस-भाजपा समेत चार दावेदारों ने खरीदे पर्चे
झांसी में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार से कमिश्नरी कार्यालय में नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई। पुलिस और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट की निगरानी के बीच प्रत्याशी और उनके सहयोगी पर्चा खरीदने पहुंचे। हालांकि पहले दिन कमिश्नरी में ज्यादा भीड़ नहीं रही। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कमिश्नरी कार्यालय में दो जगह चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं। यहां पहुंचने वाले प्रत्याशियों और उनके सहयोगियों की जांच की जा रही है। महिला दावेदारों की चेकिंग के लिए अलग बूथ में व्यवस्था की गई है। गुरुवार को कांग्रेस, भाजपा और दो निर्दलीय दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे। वहीं, भाजपा और सपा के अधिकृत प्रत्याशियों के नाम भी सामने आ चुके हैं। सपा के डॉ. मानसिंह, दोबारा मैदान में समाजवादी पार्टी ने डॉ. मान सिंह यादव को इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। डॉ. मान सिंह यादव इस सीट से मौजूदा विधान परिषद सदस्य हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन उनके प्रतिनिधि ने भी नामांकन पत्र लिया था। इस सीट पर पिछली बार सपा ने जीत दर्ज की थी। इससे पहले लगातार चार चुनावों में भाजपा के प्रत्याशी निर्वाचित हुए थे। भाजपा से अशोक राठौर ताल ठोक रहे भाजपा ने इलाहाबाद-झांसी स्नातक क्षेत्र से अशोक कुमार राठौर को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। राठौर मूल रूप से जालौन के रहने वाले हैं। वे माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रदेश प्रधान सचिव रह चुके हैं और वित्तविहीन शिक्षकों के हितों को लेकर सक्रिय रहे हैं। राठौर वर्ष 2023 में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान भाजपा में शामिल हुए थे। उस समय उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया था। अब भाजपा ने उन्हें इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। 6 अक्टूबर तक नामांकन इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। झांसी जिले के 24,934 वोटर करेंगे मतदान इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में झांसी जिले के 24,934 मतदाता मतदान करेंगे। इनके लिए जिले में कुल 47 मतदान स्थल बनाए गए हैं। पहले जिले में 43 मतदान स्थल थे, लेकिन जिन केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या निर्धारित सीमा से अधिक हो गई थी, वहां सहायक बूथ बनाए गए हैं। इसके बाद मतदान स्थलों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। झांसी जिले के इस निर्वाचन क्षेत्र में बबीना, झांसी सदर, मऊरानीपुर और गरौठा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। दस जिलों के 2,61,208 वोटर इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का दायरा काफी बड़ा है। इसमें प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर जिले शामिल हैं। इन सभी जिलों के 2,61,208 पंजीकृत स्नातक मतदाता विधान परिषद सदस्य के चुनाव में मतदान करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User