जिला अस्पताल में दलालों पर कार्रवाई की मांग:फतेहपुर में व्यापार मंडल ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर की शिकायत
फतेहपुर जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जन उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह चौहान ने दर्जनों पदाधिकारियों के साथ पहुंचकर व्यापारियों और आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने जिला चिकित्सालय में कथित रूप से सक्रिय दलालों और अराजक तत्वों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि अस्पताल परिसर में ऐसे लोगों की गतिविधियों को लेकर मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप लगाया कि कुछ लोग चिकित्सकों पर दबाव बनाकर बाहर की कमीशन वाली दवाएं लिखवाने का प्रयास करते हैं। साथ ही मरीजों और महिलाओं से अभद्रता किए जाने की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं। चंदन सिंह चौहान ने जिलाधिकारी से मांग की कि जिला अस्पताल में सक्रिय ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और अस्पताल परिसर में उनके प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने कहा कि इससे गरीब, निर्धन और बेसहारा मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सुगमता से मिल सकेगा। साथ ही शासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सकेगा। उन्होंने व्यापारियों से जुड़ी अन्य समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखते हुए उनके शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने संगठन के पदाधिकारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष नईम अहमद, जसवंत गिहार, नीरज सिंह, मुन्ना गिहार,कुसुम्भी नगर अध्यक्ष अनिल सोनी,महामंत्री संतोष शर्मा, विनोद साहू,अवधेश रजोला, रमवा नगर अध्यक्ष सानू सिंह, महामंत्री आदित्य कुमार, हसवा नगर अध्यक्ष उदयभान सिंह सेंगर सहित संगठन के दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)