जिपं अध्यक्ष पर जातिगत-टिप्पणी के बाद भाजपा का फूटा गुस्सा:सपा मुखिया अखिलेश यादव और शराफत अली दोनों का फूंका पुतला
हरदोई के गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा के दौरान सपा नेता द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला तूल पकड़ गया है। गुरुवार की दोपहर करीब 12:45 बजे निरीक्षण भवन के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और हरदोई के निवर्तमान जिलाध्यक्ष शराफत अली का पुतला फूंका। इस दौरान समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव मुर्दाबाद के नारे लगे। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने लाठी-डंडों से पुतले की खूब पिटाई कर अपना कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। गोपामऊ में आयोजित पीडीए (PDA) पंचायत के दौरान सपा नेता शराफत अली ने हरदोई जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती की जाति को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला और सोशल मीडिया पर शराफत अली को महिला विरोधी बताया जाने लगा। इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी और कहा था कि उन्हें अपनी जाति पर गर्व है। कहा शराफत अली मानसिक रूप से विकसित हो गए हैं। इस घटना के विरोध में गुरुवार दोपहर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला संयोजक रवि चौधरी के नेतृत्व में पुरुष और महिला कार्यकर्ता निरीक्षण भवन के पास एकत्रित हुए। यहाँ शराफत अली का पुतला फूंका गया और इस दौरान अखिलेश यादव मुर्दाबाद तथा शराफत अली मुर्दाबाद के जोरदार नारे लगाए गए। प्रदर्शन में आशुतोष आजाद, सोनू भारती, उपेंद्र कुमार, श्रवण कुमार, राम मूर्ति राठौड़, रीना गुप्ता, शोभना सिंह और अनुराधा मिश्रा समेत कई कार्यकर्ताओं ने पुतले को लाठी-डंडों व जूतों-चप्पलों से पीटा। प्रदर्शन के पश्चात सभी कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुँचे और डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर शराफत अली के खिलाफ तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की माँग की। अनुराधा मिश्रा ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव और शराफत अली जैसी सोच वाले लोगों की मानसिकता पूरी तरह से महिला-विरोधी है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)