जुगेंद्र सिंह का सपा विरोधियों पर आरोप:एटा में कहा- मेरे समर्थक बनकर कर रहे कमेंट, भ्रम में न पड़ने की अपील

Sep 25, 2026 - 16:57
0
जुगेंद्र सिंह का सपा विरोधियों पर आरोप:एटा में कहा- मेरे समर्थक बनकर कर रहे कमेंट, भ्रम में न पड़ने की अपील
एटा में समाजवादी पार्टी की अंदरूनी राजनीति को लेकर हलचल तेज हो गई है। 20 सितंबर को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में हुई बैठक के दौरान पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के सामने एटा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव और सपा नेता मंजीत यादव के बीच तीखी बहस हुई थी। घटना के बाद अखिलेश यादव बैठक से चले गए और एटा-कासगंज की जिला कार्यकारिणी समेत संबंधित इकाइयों को भंग कर दिया गया। इसके बाद अखिलेश यादव की टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। जुगेंद्र सिंह यादव के समर्थन में भी कई लोगों की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट और कमेंट किए गए। अब जुगेंद्र सिंह यादव ने वीडियो जारी कर अपने समर्थकों से ऐसे बयानों से दूर रहने की अपील की है। जुगेंद्र बोले- विरोधी समर्थक बनकर कर रहे पार्टी विरोधी कमेंट जुगेंद्र सिंह यादव ने वीडियो में कहा कि उन्हें अलग-अलग जगहों से जानकारी मिल रही है कि उनके विरोधी या समाजवादी पार्टी से जुड़े नहीं रहने वाले लोग उनके समर्थक बनकर सोशल मीडिया पर पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ कमेंट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। जुगेंद्र के मुताबिक, उनका कोई समर्थक पार्टी या पार्टी नेतृत्व के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी नहीं कर सकता। उन्होंने समर्थकों से भ्रम से बचने और संगठन के साथ बने रहने की अपील की। बैठक में जुगेंद्र-मंजीत के बीच हुई थी तीखी बहस 20 सितंबर को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन की स्थिति को लेकर अखिलेश यादव ने एटा और कासगंज के पार्टी पदाधिकारियों की लखनऊ में बैठक बुलाई थी। करीब 250 पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता बैठक में मौजूद थे। इसी दौरान जुगेंद्र सिंह यादव और मंजीत यादव के बीच किसी मुद्दे को लेकर बहस हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज की स्थिति बनने की खबर सामने आई। अखिलेश यादव ने नेताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत दी और बैठक से चले गए। इसके बाद एटा और कासगंज की जिला कार्यकारिणी तथा संबंधित फ्रंटल संगठनों को भंग किए जाने की जानकारी सामने आई। अखिलेश की टिप्पणी के बाद जुगेंद्र ने दिया संदेश बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने जुगेंद्र सिंह यादव और उनके भतीजे सुबोध यादव का जिक्र करते हुए पार्टी नेताओं से उनसे सुझाव लेने की बात कही। वायरल वीडियो में अखिलेश यादव की ओर से पैसे और पार्टी अनुशासन को लेकर टिप्पणी भी सुनाई दे रही है। इसके बाद जुगेंद्र सिंह यादव ने अपने वीडियो में अखिलेश यादव को अपना नेता और संरक्षक बताते हुए 2027 में सपा की सरकार बनाने के लिए संगठन के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने समर्थकों से अखिलेश यादव के नेतृत्व में एकजुट रहने का संदेश दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User