जवानों और विद्यार्थियों ने सीखे प्राकृतिक कृषि के गुर:कानपुर में पीएसी वाहिनी में हुई कार्यशाला
कानपुर के श्यामनगर स्थित 37वीं वाहिनी पीएसी में बुधवार शाम 5 बजे को जवानों और पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए ‘जैविक कृषि एवं प्राकृतिक पर्यावरण’ विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। सेनानायक बीबी चौरसिया की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों को विषमुक्त अन्न उत्पादन, प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संरक्षण की उपयोगी जानकारी दी गई। कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक एवं मार्गदर्शक आकाश चौरसिया, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और मल्टीलेयर कृषि के इनोवेटर, ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती के विभिन्न पहलुओं से प्रतिभागियों को परिचित कराया। उन्होंने खेती में रासायनिक पदार्थों का कम से कम इस्तेमाल, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को समझाया। प्रशिक्षण के दौरान जवानों और विद्यार्थियों को केवल खेती की जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल उपाय अपनाने के व्यावहारिक तरीके भी बताए गए। मल्टीलेयर कृषि की तकनीक और प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल की जानकारी प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण रही। कार्यशाला का उद्देश्य ‘विषमुक्त अन्न, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर एवं स्वस्थ-समृद्ध जीवन’ की अवधारणा को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और जवानों में प्राकृतिक कृषि के प्रति रुचि पैदा करने के साथ पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपसेनानायक तनु उपाध्याय (Addl.SP), सहायक सेनानायक सुधाकर मिश्र (DySP), शिविरपाल चंद्रेश्वर समेत वाहिनी एवं स्कूल का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)