लखनऊ में यूपीएसएसएससी अभ्यर्थियों का धरना:प्रतीक्षा सूची लागू करने की मांग, छात्र क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे

Sep 30, 2026 - 18:38
0
लखनऊ में यूपीएसएसएससी अभ्यर्थियों का धरना:प्रतीक्षा सूची लागू करने की मांग, छात्र क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे
लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की परीक्षाओं में प्रतीक्षा सूची लागू करने की मांग को लेकर सैकड़ों युवा अभ्यर्थियों ने लखनऊ के इको गार्डन में अनवरत धरना शुरू कर दिया है। 28 तारीख से शुरू हुए इस आंदोलन के बीच पिछले तीन दिनों से कई छात्र क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हैं, जिससे आंदोलनकारियों का हौसला बुलंद है लेकिन अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य भी चिंता का विषय बनता जा रहा है। आंदोलन कर रहे युवाओं की स्पष्ट और मुख्य मांग है कि वर्ष 2025-26 के दौरान UPSSSC द्वारा जारी किए गए सभी भर्ती परिणामों के साथ अनिवार्य रूप से प्रतीक्षा सूची जारी की जाए। धरने पर बैठे अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग द्वारा वेटिंग लिस्ट जारी न किए जाने के कारण एक ही अभ्यर्थी का चयन कई नौकरियों में हो जाता है। इसके परिणामस्वरूप, पद ग्रहण न करने की स्थिति में कई सीटें खाली रह जाती हैं, जो बाद में बेकार चली जाती हैं। यदि आयोग रिजल्ट के साथ वेटिंग लिस्ट जारी करे, तो मेरिट में कट-ऑफ के करीब रहने वाले योग्य अभ्यर्थियों को नौकरी मिल सकेगी और सरकारी पद भी खाली नहीं रहेंगे। आंदोलनकारी छात्रों का कहना है, "हमारी मांग पूरी तरह से न्यायसंगत है। जब तक UPSSSC वर्ष 2025-26 के परिणामों के लिए प्रतीक्षा सूची जारी करने का आधिकारिक आदेश या आश्वासन नहीं देता, तब तक हमारा अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल इको गार्डन में जारी रहेगी।" छात्रों ने शासन-प्रशासन और आयोग के अध्यक्ष से तुरंत संज्ञान लेने और युवाओं के हित में फैसला करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User