कॉलोनीवासियों को झूठी शिकायतों से परेशान करने का आरोप:एसएसपी से कार्रवाई की मांग, बार-बार 112 पर कॉल कर बुलाते हैं पुलिस

Sep 30, 2026 - 16:58
0
कॉलोनीवासियों को झूठी शिकायतों से परेशान करने का आरोप:एसएसपी से कार्रवाई की मांग, बार-बार 112 पर कॉल कर बुलाते हैं पुलिस
मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र में कॉलोनीवासियों ने बुधवार को दोपहर करीब 2 बजे पुलिस के सामने गंभीर शिकायत रखते हुए आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ बार-बार झूठे प्रार्थना पत्र देकर मुकदमे दर्ज कराने और पुलिस कार्रवाई के नाम पर परेशान किया जा रहा है। इस संबंध में पीड़ित विनोद कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता विनोद कुमार ने बताया कि उसके खिलाफ एक मामले में मुकदमे के तहत पुलिस कार्रवाई की गई थी। आरोप है कि मामले में बताई गई घटना की जांच के दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। इसके साथ ही मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि पुलिस जांच में बताई गई घटना की पुष्टि नहीं हुई। विनोद कुमार का आरोप है कि पुलिस जांच के बावजूद संबंधित पक्ष द्वारा अलग-अलग प्रार्थना पत्र देकर उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। इतना ही नहीं, 112 नंबर पर बार-बार कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया जाता है। इससे उसे और उसके परिवार के सदस्यों को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से जांच पूरी किए जाने के बाद मामले में एफआर भी भेजी जा चुकी है। इसके बावजूद उसके खिलाफ नए-नए प्रार्थना पत्र दिए जा रहे हैं और पुलिस को बार-बार सूचना देकर कार्रवाई कराने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कराने, पूर्व में हुई पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज को भी संज्ञान में लेने तथा यदि शिकायतें झूठी पाई जाती हैं तो बार-बार शिकायत करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि लगातार की जा रही शिकायतों के कारण परिवार को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User