कानपुर के स्कूलों में छात्राओं को जागरूक किया:बैड टच' और साइबर अपराध पर अधिकारी बोले- चुप न रहें, तुरंत बताएं
कानपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) द्वारा चलाए जा रहे बाल सुरक्षा एवं पॉक्सो अधिनियम जागरूकता अभियान के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को न्यायिक अधिकारियों ने शहर के विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर छात्राओं से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने बच्चों को 'बैड टच' (गलत तरीके से छूने), असहज व्यवहार और ऑनलाइन उत्पीड़न के प्रति सतर्क करते हुए कहा कि डर या संकोच में चुप न रहें, बल्कि तुरंत अपने अभिभावक या शिक्षक को इसकी जानकारी दें। प्रार्थना सभाओं में आयोजित इन विशेष सत्रों में छात्राओं को पॉक्सो कानून, बाल अधिकार और साइबर सुरक्षा की विस्तार से जानकारी दी गई। पीपीएन बालिका इंटर कॉलेज, खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज (हरजिंदर नगर व गोविंद नगर), मुस्लिम जुबली गर्ल्स इंटर कॉलेज, कैलास सरस्वती और आर्य कन्या इंटर कॉलेज में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशों और मजिस्ट्रेटों ने सैकड़ों छात्राओं का मार्गदर्शन किया। अधिकारियों ने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी अनुचित व्यवहार को छिपाना समाधान नहीं है। उन्होंने आपात स्थिति में तुरंत मदद मांगने के लिए नालसा हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 की भी जानकारी दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)