कानपुर में आवारा कुत्तों ने सिलाई कारीगर को काटा:कुत्तों ने दो महीने में स्कूली बच्चे समेत 20 को शिकार बनाया

Oct 03, 2026 - 09:38
0
कानपुर में आवारा कुत्तों ने सिलाई कारीगर को काटा:कुत्तों ने दो महीने में स्कूली बच्चे समेत 20 को शिकार बनाया
कानपुर के थाना जाजमऊ के तिवारीपुर में शनिवार सुबह 6:30 आवारा कुत्तों के झुंड ने एक सिलाई कारीगर पर हमला कर दिया। दूध लेने निकले कारीगर को कुत्तों ने पहले दौड़ाया और फिर घेरकर शरीर में करीब एक दर्जन जगह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सड़क पर कुत्तों के झुंड के हमले से अफरातफरी मच गई। जाजमऊ के ताड़बागिया निवासी विनोद कुमार निषाद (42) ने बताया कि वह सुबह करीब 6:30 बजे दूध लेने के लिए घर से निकले थे। घर से 20 कदम दूरी पहुंचते ही आवारा कुत्तों के झुंड ने उन्हें दौड़ा लिया। उन्होंने भागकर बचने का प्रयास किया, लेकिन एक कुत्ते ने उनका पैर पकड़ लिया। इससे वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद 7-8 कुत्तों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और शरीर के अलग-अलग हिस्सों में काटना शुरू कर दिया। विनोद के चीखने और शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने लाठी-डंडे लेकर कुत्तों को खदेड़ा, जिसके बाद वह उनकी पकड़ से निकल सके। हमले में शरीर पर एक दर्जन जगह काटने के निशान आए हैं। गंभीर हालत में उन्हें कांशीराम अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। दो महीने से कुत्तों का आतंक, 20 लोगों को काटने का दावा क्षेत्रीय लोगों अनिल कुमार और विशाल निषाद ने बताया कि तिवारीपुर और आसपास के इलाकों में पिछले करीब दो महीने से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इस दौरान स्कूली बच्चों समेत करीब 20 लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से कुत्तों को पकड़ने या समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय सड़क पर कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं। घटनास्थल के आसपास दो स्कूल भी है। बच्चों और बुजुर्गों के घर से बाहर निकलने पर परिजन लगातार चिंतित रहते हैं। पांच दिन पहले कक्षा एक के छात्र पर हमला - तिवारीपुर निवासी प्रदीप निषाद ने बताया कि बीते रविवार को उनका कक्षा एक में पढ़ने वाला बच्चा आरव निषाद (6) घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान करीब आधा दर्जन आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के शरीर में करीब 10 जगह काट लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। प्रदीप के मुताबिक, उन्होंने घटना की शिकायत नगर निगम से भी की थी, लेकिन इसके बाद भी इलाके में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई नहीं हुई। पांच दिन के भीतर ही दोबारा कुत्तों के हमले की घटना सामने आने से क्षेत्रीय लोगों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तत्काल अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने और बच्चों व राहगीरों को सुरक्षित करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User