कानपुर में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान में रक्तदान:155 लोगों ने ब्लड डोनेट किया, स्वास्थ्य शिविर में लोगों की जांच भी हुई

Oct 01, 2026 - 20:44
0
कानपुर में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान में रक्तदान:155 लोगों ने ब्लड डोनेट किया, स्वास्थ्य शिविर में लोगों की जांच भी हुई
‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत भाजपा कानपुर ग्रामीण की ओर से आवास विकास हंसपुर नौबस्ता स्थित कांति सेलिब्रेशन गेस्ट हाउस में विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी शंकरलाल लोधी ने फीता काटकर किया। शिविर में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस दौरान 155 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद रक्तदान और स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि शंकरलाल लोधी ने कहा कि रक्तदान महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है। जरूरत के समय किसी व्यक्ति को रक्त उपलब्ध कराना मानव जीवन की रक्षा में अहम भूमिका निभाता है। स्वास्थ्य परीक्षण जैसे आयोजन लोगों को समय रहते अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के माध्यम से सेवा गतिविधियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय महामंत्री एवं भाजपा कानपुर ग्रामीण प्रभारी आनंद सिंह ने कहा कि रक्तदान और स्वास्थ्य परीक्षण सीधे समाज से जुड़े सेवा कार्य हैं। उन्होंने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए जागरूक करने पर जोर दिया। क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी ने कहा कि स्वस्थ समाज के लिए स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी है। वहीं भाजपा कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष एवं निवर्तमान विधायक उपेन्द्र पासवान ने कहा कि अभियान के तहत लगातार सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री समरजीत सिंह ने किया। शिविर में रक्तदान के साथ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User