कारोबारी के घर से 28 लाख के जेवर-नकदी चोरी:उन्नाव में परिवार गैलरी में सोता रहा, सुबह पता चली वारदात

Oct 02, 2026 - 09:51
0
कारोबारी के घर से 28 लाख के जेवर-नकदी चोरी:उन्नाव में परिवार गैलरी में सोता रहा, सुबह पता चली वारदात
उन्नाव में गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के कर्मी बिजलामऊ गांव में गुरुवार देर रात कारोबारी के घर में घुसे चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के लोग घर के अंदर बनी गैलरी में सोते रहे और उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। सुबह जानकारी होने पर घर में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने गंगाघाट कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर करीब 28 लाख रुपये की चोरी की बात कही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कर्मी बिजलामऊ गांव निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय कल प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार रात परिवार के लोग घर के अंदर गैलरी में सो रहे थे। रात करीब दो से तीन बजे के बीच अज्ञात चोर घर में घुस आए। चोरों ने घर में रखे जेवर और नकदी को निशाना बनाया। पीड़ित के अनुसार, चोर करीब 20 लाख रुपये कीमत के जेवर और जरूरी काम के लिए घर में रखे करीब पांच लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। सुबह घर में सामान अस्त-व्यस्त मिलने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित परिवार ने तत्काल घटना की जानकारी गंगाघाट कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अजय सिंह और जाजमऊ चौकी इंचार्ज विनोद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर के अंदर और आसपास के स्थानों का निरीक्षण कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। देर रात घर में चोरी की वारदात होने के कारण पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने में जुटी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोर किस रास्ते से घर में दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए। हालांकि, पुलिस घटना को लेकर अभी पूरी तरह आश्वस्त नहीं है। सीओ सिटी विनी सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। करीब 28 लाख रुपये की चोरी की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User