काशी विद्यापीठ के शिवम और आफियान को कराटे में गोल्ड:अंतरमहाविद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता में जीता पदक, ईस्ट-जोन प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई
वाराणसी के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के दो कराटे खिलाड़ियों ने अंतरमहाविद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। दोनों ही खिलाड़ी शिवम आफियान रामनगर कराटे एकेडमी में कराटे सीखते हैं। अंतरमहाविद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) 17 नवंबर 2026 को शिवपुर के परमानंदपुर स्थित स्वामी अतुलानंद हिंदू महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित की गई थी। कराटे एकेडमी पहुंचने पर विद्यापीठ के छात्र शिवम और आफियान का स्वागत किया गया।
आफियान खान वाराणसी के काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय से संबद्ध सरदार वल्लभ भाई पटेल पीजी कॉलेज, बछांव से बीए सेकेंड ईयर के स्टूडेंट हैं। वहीं शिवम हरिश्चंद्र पीजी कालेज, मैदागिन से एम ए कर रहे हैं। कड़े मुकाबले में शिवम और आफिया ने दिखाया दम
शिवम ने बताया - अंतरमहाविद्यालयीय कराटे प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) 17 नवंबर 2026 को शिवपुर के परमानंदपुर स्थित स्वामी अतुलानंद हिंदू महाविद्यालय के प्रांगण में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच मैंने और आफियान ने (पुरुष वर्ग) में बेहतरीन तकनीक, फुर्ती और अनुशासन का परिचय देते हुए अपने-अपने भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) पर कब्जा जमाया। गुवाहाटी में वाराणसी का करेंगे प्रतिनिधित्व
अंतरमहाविद्यालयीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने और उत्कृष्ट खेल कौशल दिखाने के आधार पर शिवम पांडेय और आफियान खान का चयन आगामी ईस्ट जोन इंटर-यूनिवर्सिटी कराटे चैंपियनशिप 2026-27 के लिए कर लिया गया है। अब ये दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वाराणसी और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह चैंपियनशिप आगामी दिनों में असम के गुवाहाटी शहर में आयोजित होने जा रही है, जिसके लिए दोनों खिलाड़ियों ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशिक्षकों ने जताई खुशी, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर कराटे रामनगर एकेडमी में खुशी का माहौल है। एकेडमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं निदेशक मोहम्मद आफताब आलम तथा कोच मोहम्मद महताब आलम ने दोनों विजेता खिलाड़ियों को फूल-माला पहनाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मुख्य प्रशिक्षक मोहम्मद आफताब आलम ने कहा कि शिवम और आफियान की यह जीत उनकी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह दोनों खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय स्तर पर अपना दबदबा कायम किया है, उसी तरह वे गुवाहाटी में होने वाली ईस्ट जोन इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भी पदक जीतकर रामनगर और वाराणसी का गौरव बढ़ाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)