केमिकल फैक्ट्री में चौकीदार दंपती को पीटा, चौकीदार की मौत:गोविन्द नगर मे लूटपाट के बाद गंभीर घायल चौकीदार की मौत, पत्नी गंभीर; 3 बदमाश गिरफ्तार, लूटा सामान बरामद
कानपुर के गोविंद नगर औद्योगिक क्षेत्र साइट नंबर-1 में सोमवार देर रात केमिकल फैक्ट्री में घुसे बदमाशों ने चौकीदार दंपती को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और लूटपाट की। गंभीर रूप से घायल चौकीदार अमरनाथ विश्वकर्मा (45) की मंगलवार देर रात हैलट अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी पत्नी कौशल्या की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। वारदात के बाद गोविंद नगर और बर्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चौकीदार दंपती से लूटे गए मोबाइल, कान के टॉप्स, नाक की कील, लैपटॉप और नकदी बरामद की है। आरोपियों के पास से बर्रा की डिफेंस कॉलोनी के एक घर से चोरी किए गए बर्तन भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नौबस्ता के मछरिया निवासी फैसल, मूलरूप से शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी और वर्तमान में गोविंद नगर के नौरैयाखेड़ा निवासी दीपक गुप्ता और औरैया के दिबियापुर निवासी विशाल अवस्थी के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ पहले से भी कई थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। बगल की खाली फैक्ट्री की दीवार फांदकर घुसे थे बदमाश मूलरूप से आजमगढ़ के बुढ़ावे हिसारमुद्दीन पुरवा निवासी अमरनाथ विश्वकर्मा करीब 30 वर्षों से गोविंद नगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित सन राइस केमिकल फैक्ट्री में चौकीदारी कर रहे थे। वह लंबे समय से फैक्ट्री परिसर में ही रहते थे। उनका परिवार गांव में रहता है। अमरनाथ के बेटे रोहित ने बताया कि उनकी मां कौशल्या बीते शनिवार को पिता के पास फैक्ट्री आई थीं और वहीं रुकी हुई थीं। सोमवार रात अमरनाथ फैक्ट्री में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान बगल में पड़ी खाली फैक्ट्री की दीवार फांदकर तीन बदमाश परिसर में दाखिल हुए। बदमाशों ने अमरनाथ को दबोचकर बंधक बना लिया और मारपीट शुरू कर दी। उनकी चीख-पुकार सुनकर कौशल्या भी मौके पर पहुंच गईं। बदमाशों ने उन्हें भी पीटना शुरू कर दिया। चाबी नहीं देने पर लोहे के पाइप से पीटा आरोप है कि बदमाश फैक्ट्री की चाबी मांग रहे थे। चाबी देने से इनकार करने पर उन्होंने अमरनाथ को फैक्ट्री में पड़े लोहे के पाइप से बेरहमी से पीटा। दोनों को मरणासन्न हालत में छोड़कर बदमाश फैक्ट्री से मोबाइल, महिला के कान के टॉप्स, नाक की कील, लैपटॉप और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह बगल की फैक्ट्री के चौकीदार ने अमरनाथ और कौशल्या को अचेत हालत में पड़ा देखा। उसने तत्काल फैक्ट्री मालिक को सूचना दी। फैक्ट्री मालिक आयुष वर्मा मौके पर पहुंचे तो दोनों की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। कैमरे तोड़े, सीडीआर भी ले गए सूचना मिलते ही गोविंद नगर थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे टूटे मिले। पुलिस के मुताबिक बदमाश घटना के दौरान कैमरों को क्षतिग्रस्त करने के साथ रिकॉर्डिंग डिवाइस भी अपने साथ ले गए थे। इससे पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे कैमरों और अन्य माध्यमों से बदमाशों की तलाश शुरू की। दोनों घायलों को तत्काल हैलट अस्पताल भेजा गया। वहां मंगलवार देर रात उपचार के दौरान अमरनाथ की मौत हो गई। डॉक्टरों ने कौशल्या की हालत भी गंभीर बताई है। फैक्ट्री के बाद डिफेंस कॉलोनी में भी की चोरी पुलिस की जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में वारदात करने के बाद आरोपियों ने बर्रा थाना क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में भी दो घरों को निशाना बनाया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मकान से चोरी किए गए बर्तन बरामद किए हैं। इसके अलावा चौकीदार दंपती से लूटे गए सामान की भी बरामदगी की गई है। 30 साल की नौकरी के बाद फैक्ट्री में ही छूटी जिंदगी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे बेटे रोहित ने बताया कि उनके पिता करीब तीन दशक से इसी फैक्ट्री में चौकीदारी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। सोमवार रात भी वह रोज की तरह ड्यूटी पर थे, लेकिन उसी दौरान बदमाशों ने हमला कर उनकी जान ले ली। परिवार में अमरनाथ की पत्नी कौशल्या, बेटे रोहित व रोहन और बेटी सीमा हैं। पिता की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। लूट के मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि- पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूट का माल बरामद किया गया है। तीनों शातिर चोर हैं और उनके खिलाफ पहले से कई थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। चौकीदार अमरनाथ की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)