KGMU में एएमआर जागरूकता के लिए निकाली गई वॉकथान:400 विद्यार्थियों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने लिया हिस्सा

Nov 18, 2026 - 22:54
0
KGMU में एएमआर जागरूकता के लिए निकाली गई वॉकथान:400 विद्यार्थियों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने लिया हिस्सा
लखनऊ के केजीएमयू के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से बुधवार कों वॉकथॉन निकाली गई। विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह 2026 के अवसर पर जानकारी दी गई। विशेषज्ञों के मुताबिक, एंटीबायोटिक दवाओं का बिना जरूरत इस्तेमाल भविष्य में सामान्य संक्रमणों का इलाज भी मुश्किल बना सकता है। बैक्टीरिया, वायरस और फंगस पर दवाओं का असर कम होने की स्थिति को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) कहते हैं। वॉकथॉन में करीब 400 विद्यार्थियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने हिस्सा लिया। विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह (18 से 24 नवंबर) के तहत आयोजित इस अभियान का शुभारंभ प्रति कुलपति प्रो. अंजू अग्रवाल ने प्रशासनिक भवन के सामने हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम कुलपति पद्मश्री प्रो. सोनिया नित्यानंद के संरक्षण और मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। पोस्टर-बैनर लेकर दिया जागरूकता का संदेश वॉकथॉन प्रशासनिक भवन से शुरू होकर ओपीडी भवन, गांधी मेमोरियल और संबद्ध अस्पतालों के विभिन्न परिसरों से होते हुए कलाम सेंटर पर संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर एंटीबायोटिक के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने, संक्रमण की रोकथाम और दवाओं के सही उपयोग का संदेश दिया। रास्ते में लगाए गए नारों के जरिए मरीजों, तीमारदारों और राहगीरों को भी जागरूक किया गया। इसमें एमबीबीएस, बीडीएस, नर्सिंग और संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान के विद्यार्थी, शोधार्थी, स्वास्थ्यकर्मी और विश्वविद्यालय के कर्मचारी शामिल हुए। सभी की साझा जिम्मेदारी है एएमआर की रोकथाम इस साल जागरूकता सप्ताह की थीम 'वन हेल्थ, वन एक्शन: प्रिवेंट एएमआर नाउ' रखी गई है। इसका उद्देश्य मानव, पशु, वनस्पति और पर्यावरण के स्वास्थ्य को एक-दूसरे से जोड़कर देखना है। एएमआर की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के साथ पशुपालन, कृषि और पर्यावरण से जुड़े क्षेत्रों में भी समन्वय जरूरी है। अभियान के जरिए संदेश दिया गया कि एंटीबायोटिक का विवेकपूर्ण इस्तेमाल केवल चिकित्सकों की ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। दवाओं का सही उपयोग ही भविष्य में लोगों का जीवन बचाने में मददगार होगा। कार्यक्रम में प्रो. विमला वेंकटेश, प्रो. नंदलाल, प्रो. बीके ओझा, प्रो. आरएएस कुशवाहा, प्रो. अमिता पांडेय और प्रो. सूर्यकांत त्रिपाठी समेत कई वरिष्ठ चिकित्सक और शिक्षक शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User