मुठभेड़ में मारे गए वाहिद का शव गाजीपुर पहुंचा:7 साल से गांव नहीं लौटा था वाहिद, अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

Nov 18, 2026 - 22:54
0
मुठभेड़ में मारे गए वाहिद का शव गाजीपुर पहुंचा:7 साल से गांव नहीं लौटा था वाहिद, अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया
गाजीपुर में रंगदारी का मुकदमा दर्ज होने के बाद वाहिद अंसारी करीब सात साल तक अपने गांव नहीं लौटा था। अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में वह मारा गया। बुधवार रात करीब 10 बजे उसका शव बहरियाबाद स्थित पैतृक घर पहुंचा। बुधवार रात कब्रिस्तान में दफन की तैयारी की गई। गांव में पुलिस बल तैनात है। अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वाहिद के खिलाफ अलग-अलग जिलों में 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं। 2019 में रंगदारी का मुकदमा दर्ज होने के बाद गांव छोड़ दिया पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वाहिद अंसारी पुत्र अबूबकर अंसारी आराजी कस्बा, थाना बहरियाबाद का निवासी था। उसकी हिस्ट्रीशीट 23 दिसंबर 2017 को खोली गई थी। थाना स्तर पर 6 जनवरी, 29 मई और 16 जुलाई 2026 को हिस्ट्रीशीट की जांच की गई। रिकॉर्ड में दर्ज है कि वह करीब सात साल से घर नहीं आता था। वर्ष 2019 में बहरियाबाद थाने में उसके खिलाफ रंगदारी का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद से वह गाजीपुर में नहीं रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, पूर्वांचल के कई जिलों में भी उसका नाम आपराधिक गतिविधियों में सामने आया था। मस्कट में ढाई साल रहा, लौटने के बाद बदली संगत पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, वाहिद का जन्म 1994 में हुआ था। उसके चार भाई और दो बहनें थीं। उसने बहरियाबाद में प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल तक पढ़ाई की थी। इसके बाद वह रोजी-रोटी के लिए बड़े भाई के साथ मस्कट चला गया। वहां करीब ढाई साल रहा। वापस लौटने के बाद उसकी पहचान कबीरपुर, थाना बहरियाबाद के शिवम सिंह से हुई। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद वह लूट और छिनैती जैसी घटनाओं में शामिल होने लगा। आजमगढ़ में मुठभेड़ के बाद जेल गया था वाहिद पुलिस रिकॉर्ड में आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाने में दर्ज मुकदमों का भी उल्लेख है। वर्ष 2016 में पुलिस मुठभेड़ के दौरान वाहिद को उसके साथी पंकज और अरविंद के साथ गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से अवैध असलहे और लूट के गहने बरामद हुए थे। इस मामले में हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे। गिरफ्तारी के बाद वाहिद जिला कारागार में निरुद्ध रहा। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद वह फिर आपराधिक घटनाओं में शामिल होने लगा। इसके बाद बहरियाबाद क्षेत्र से करीब सात साल तक फरार रहा। गाजीपुर के चार थानों में दर्ज हैं मुकदमे पुलिस की हिस्ट्रीशीट में करिमुद्दीनपुर, बहरियाबाद, सादात और सैदपुर थानों में दर्ज मुकदमों का उल्लेख है। इनमें हत्या, लूट, आपराधिक साजिश, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। बहरियाबाद थाने में वर्ष 2019 में दर्ज मुकदमे में 120बी, 386 और 506 जैसी धाराएं शामिल हैं। इसी साल गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, वाहिद के खिलाफ अलग-अलग जिलों में कुल 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उसे पूर्वांचल में अवैध असलहों की सप्लाई और सुपारी लेकर हत्या करने वाले गिरोह से जुड़ा बताया गया था। अंबेडकरनगर में चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ अंबेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार 17 नवंबर की देर रात शिवबाबा बैरियर के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्धों को रोकने पर मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, बदमाशों की ओर से फायरिंग किए जाने पर जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें वाहिद को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में अकबरपुर कोतवाल भूपेंद्र सिंह और एसओजी के सिपाही सोनू यादव भी घायल हुए थे। वाहिद का एक साथी मौके से फरार हो गया था। पुलिस खंगाल रही संपर्क और नेटवर्क मुठभेड़ के बाद बहरियाबाद में वाहिद को लेकर चर्चाएं तेज हैं। उसके आपराधिक अतीत और लंबे समय तक गांव से बाहर रहने की चर्चा हो रही है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस उसके संपर्कों और नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। उसके साथ कौन-कौन लोग सक्रिय थे और फरार साथी की क्या भूमिका थी, इसकी भी जांच की जा रही है। बुधवार रात करीब 10 बजे शव गांव पहुंचने के बाद से पुलिस बल तैनात है। कब्रिस्तान में दफन की तैयारी के बीच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User