खौफ में कातिल बने जीजा-साला:गिरफ्तारी के बाद खोला मर्डर का राज, हत्या में इस्तेमाल कार-हथियार बरामद
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में प्रधान पुत्र रोहन राठी हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से रोहन की बाइक, स्मार्टवॉच, एप्पल मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही टोयोटा कोरोला एल्टिस कार और हथियार बरामद हुए हैं। शुक्रवार दोपहर 3 बजे SSP संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। इस दौरान एसपी सिटी अमृत जैन और सीओ सदर सुनील कुमार भी मौजूद रहे। 24 सितंबर को जंगल में मिला था रोहन का शव रोहन राठी का शव 24 सितंबर को पुरकाजी थाना क्षेत्र के हरेटी गांव के जंगल में मिला था। घटना की जानकारी के बाद SSP ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया था। हत्याकांड के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों को लगाया गया था। जांच के दौरान पुलिस के मुताबिक नाजिम और शाहवेज के नाम सामने आए। दोनों को 24/25 सितंबर की रात भैंसानी पुल के नीचे चेकिंग के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।
बाइक, मोबाइल और स्मार्टवॉच बरामद SSP के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से रोहन की आरवन-5 मोटरसाइकिल, स्मार्टवॉच और एप्पल कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ है। इसके अलावा टोयोटा कोरोला एल्टिस कार भी मिली है, जिसे पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होना बताया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, 315 बोर के पांच जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए हैं। इसके साथ ही 1,050 रुपए की बरामदगी दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक- टक्कर के बाद वापस पहुंचे आरोपी SSP के अनुसार, पूछताछ में नाजिम ने घटना से जुड़े कई तथ्य बताए हैं। पुलिस का कहना है कि नाजिम अपनी ससुराल जहीरपुर जा रहा था। रास्ते में उसकी रोहन से टक्कर हुई। इसके बाद वह अपने साले शाहवेज के साथ दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, वहीं रोहन की पहचान सामने आने के बाद दोनों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस अब इस घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग का दावा पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के दौरान भैंसानी पुल के नीचे संदिग्ध कार और बाइक को रोकने का प्रयास किया गया। दोनों ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में नाजिम और शाहवेज घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही पुलिस पुलिस के अनुसार, रोहन की बाइक और मोबाइल आरोपियों के कब्जे से मिलना जांच की महत्वपूर्ण कड़ी है। वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही कार की बरामदगी से भी पुलिस घटना के घटनाक्रम को जोड़ने का प्रयास कर रही है। पुलिस अब बरामद मोबाइल और अन्य सामान से जुड़े डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले और बाद में आरोपियों के संपर्क में कौन-कौन लोग थे। परिजन बोले- पुलिस के खुलासे से संतुष्ट नहीं दूसरी ओर, रोहन राठी के परिजनों ने पुलिस के खुलासे पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वे इस खुलासे से संतुष्ट नहीं हैं। परिजन इस दावे पर भी सवाल उठा रहे हैं कि हादसे के बाद रोहन की पहचान सामने आने के डर से उसकी हत्या की गई। परिजनों के मुताबिक, उन्हें यह वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं लग रही है और वे मामले की जांच को लेकर सवाल उठा रहे हैं। शुक्रवार सुबह भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी समेत कई लोग SSP और SP सिटी से मिले और अपनी आपत्तियां रखीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)