राधा रानी का मनाया छठी महोत्सव:बधाइयों की वर्षा में श्रद्धालु हुए भावविभोर,साधु संतों ने लुटाए उपहार

Sep 25, 2026 - 17:29
0
राधा रानी का मनाया छठी महोत्सव:बधाइयों की वर्षा में श्रद्धालु हुए भावविभोर,साधु संतों ने लुटाए उपहार
भगवान श्री कृष्ण की आल्हादिनी शक्ति राधा रानी के जन्मोत्सव के बाद अब उनके छठी उत्सव की धूम मची हुई है। शुक्रवार को वृंदावन के राधा दामोदर मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भक्तों ने बधाई गायन किया तो मंदिर के पुजारी और आश्रमों के साधु संतों ने उपहार लुटाए। बधाईयों की वर्षा से श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे और कहने लगे राधा प्यारी ने जन्म लियो है। बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम वृंदावन के सप्त देवालयों में से एक ठाकुर राधा दामोदर मंदिर में राधारानी की छठी महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में भक्ति रस की अविरल धारा प्रवाहित होती रही। महोत्सव के अंतर्गत ब्रजवासी बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों ने राधा-कृष्ण की विविध लीलाओं पर आधारित नृत्य एवं भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर भक्तों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया। बधाई लूटने को आतुर दिखे श्रद्धालु मंदिर के सेवायत आचार्य कृष्ण बलराम गोस्वामी और आचार्य पूर्ण चंद्र गोस्वामी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी राधारानी का छठी महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया है। राधारानी की छठी की पारंपरिक बधाइयां भी लुटाई गईं है। बधाइयों के रूप में खिलौने, वस्त्र, साड़ियां, रुपये तथा अन्य उपयोगी सामग्री श्रद्धालुओं के बीच वितरित की गई। बधाइयों को प्राप्त करने के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस दौरान मंदिर परिसर जय श्री राधे और राधे-राधे के उद्घोषों से गुंजायमान हो उठा। मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन एवं उत्सव सेवाओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। भक्तों ने राधारानी के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। श्री जी की महिमा वेदों और पुराणों में वृन्दावन के गोविंद घाट स्थित अखिल भारतीय श्रीहित निर्माेही अखाड़ा बड़ा रासमंडल पर ब्रज की अधिष्ठात्री राधारानी का छठी महोत्सव विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। महंत लाड़िली शरण महाराज ने कहा कि राधारानी ब्रज की आराध्या हैं। वह भगवान श्रीकृष्ण की भी पूज्य हैं, उनके बगैर ब्रज की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। महंत हरीशंकर दास नागा एवं महंत सुंदर दास ने कहा कि श्रीजी की महिमा वेदों और पुराणों में भी गाई गई है। श्रीराधा की उपासना के बिना श्रीकृष्ण तत्व की प्राप्ति कर पाना असंभव है। सखियों ने नृत्य कर दी बधाई इससे पूर्व राधाबल्लभीय समाज मुखिया राकेश महाराज की मुखियाई में मंगल बधाई समाज गायन हुआ, जिसमें राधाबल्लभीय वाणीकारों द्वारा रचित बधाईयों का गायन किया गया। इस दौरान सखियों द्वारा नृत्य किया गया। आश्रम परिसर राधा प्यारी नै जन्म लियौ है... के जयघोष से गूंज उठा। वहीं उपहार स्वरूप मेवा-मिष्ठान्न, कपड़े, खिलौने, वस्त्र, बर्तन आदि लुटाए गए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User