किसान को मंत्री बलदेव सिंह औलख ने दिया अपना नंबर:रामपुर में कहा- खाद न मिले तो मुझे फोन करना, 15 दिन से परेशान था
रामपुर में 15 दिन से खाद के लिए चक्कर लगा रहे 70 साल के बुजुर्ग किसान ने जब किसान मेले में कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख के सामने अपनी परेशानी रखी तो उसे सिर्फ आश्वासन ही नहीं मिला, बल्कि मंत्री ने अपनी जेब से पेन-कागज निकालकर उसका मोबाइल नंबर भी लिख लिया। मंत्री ने किसान से कहा कि शुक्रवार को खाद नहीं मिले तो सीधे उन्हें फोन करके बताना। मंत्री के इस भरोसे के बाद किसान को अब खाद मिलने की उम्मीद है। गुरुवार की दोपहर करीब 3 बजे पांवडिया स्थित सद्भावना मंडप में किसान मेला लगा था। इसी दौरान पांवडिया के सरिया दराज निवासी 70 वर्षीय किसान जान मोहम्मद कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख के पास पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में किसान ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वह पिछले 15 दिन से खाद के लिए चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसे खाद नहीं मिल रही है। जान मोहम्मद ने मंत्री से कहा, "मंत्री जी, मुझे 15 दिन से खाद नहीं मिल रही है। मिर्च, आलू और लाही बोनी है। शरबती धान की फसल काटकर खेत तैयार कर लिया है, लेकिन खाद नहीं मिल रही।" किसान की बात सुनकर मंत्री ने उसकी समस्या को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल अपनी जेब से पेन और कागज निकाला और किसान का मोबाइल नंबर लिख लिया। इसके बाद मंत्री ने कहा कि शुक्रवार को खाद न मिले तो उन्हें फोन करके बताना। बुजुर्ग किसान के लिए मंत्री का यह भरोसा इसलिए अहम है, क्योंकि खेत तैयार होने के बावजूद खाद नहीं मिलने से उसकी बुवाई अटकी हुई है। अब किसान को उम्मीद है कि शुक्रवार को खाद की समस्या दूर हो जाएगी। वहीं, खाद नहीं मिलने की वजह को लेकर उप कृषि निदेशक ने बताया कि पोर्टल बंद होने के कारण खाद की बुकिंग नहीं हो पा रही थी। खरीफ का सीजन खत्म होने और रबी सीजन शुरू होने के बीच पोर्टल बंद होने से बुकिंग प्रभावित हुई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पोर्टल खुलने के बाद खाद की बुकिंग शुरू होगी और किसान को खाद उपलब्ध करा दी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)