किसानों को खाद-बीज देने में लापरवाही न हो:हमीरपुर में प्रभारी मंत्री बोले- खराब ट्रांसफार्मर 3 दिन में बदलें

Nov 18, 2026 - 20:42
0
किसानों को खाद-बीज देने में लापरवाही न हो:हमीरपुर में प्रभारी मंत्री बोले- खराब ट्रांसफार्मर 3 दिन में बदलें
हमीरपुर में बुधवार को प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद-बीज उपलब्ध कराने, खराब ट्रांसफार्मर बदलने और जनशिकायतों का सही तरीके से निस्तारण करने में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में मंत्री ने रबी की बुवाई के लिए खाद-बीज की उपलब्धता बनाए रखने और जिन केंद्रों पर कमी है, वहां तत्काल आपूर्ति कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी किसान खाली हाथ नहीं लौटना चाहिए। उन्होंने स्वीकृत नलकूपों की बोरिंग तय स्थान पर कराने, खराब मोटर बदलने और रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को दो से तीन दिन में बदलने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने लंबित जांच समय से पूरी करने और गैंगस्टर व एनडीपीएस के मामलों में कार्रवाई करने को कहा। महिला अपराध और पॉक्सो मामलों में ठोस सबूत जुटाकर जल्द आरोपपत्र दाखिल करने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए। उन्होंने एंटी रोमियो टीमों को भी सक्रिय रखने को कहा। राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने नदियों के पट्टों की आड़ में और बिना पट्टे हो रहे अवैध खनन व ओवरलोडिंग पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री रोकने के भी निर्देश दिए। रामकेश निषाद ने आईजीआरएस और जनता दर्शन की शिकायतों के कागजी निस्तारण पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि फर्जी निस्तारण मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। इसके अलावा निजी पैथोलॉजी की जांच, झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई और छुट्टा गोवंश को गौशालाओं में रखने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी अशोक कुमार, पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति समेत जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User