कृषि विश्वविद्यालय में कक्षाओं में मोबाइल बैन:कुलपति ने अधिकारियों संग बैठक में शैक्षणिक-प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ मंगलवार 29 सितंबर दोपहर बाद बैठक कर विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। बैठक में विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस मौके पर कुलपति शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था में सुदृकरण को लेकर सख्त नजर आए। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित को ध्यान में रखते हुए कक्षाओं में मोबाइल फोन के प्रयोग पर रोक रहेगी। अब कोई भी छात्र-छात्राएं क्लासरूम में मोबाइल फोन लेकर नहीं बैठ सकेंगे। कुलपति ने विश्वविद्यालय में ई-ऑफिस प्रणाली को शीघ्र लागू करने की दिशा में आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। कहा कि ई-ऑफिस से कार्यालयी कार्यों में तेजी आएगी और कार्य प्रभावित नहीं होगा। कुलपति ने कहा कि विवि परिसर में आंधी-तूफान में गिरे पेड़ों का शीघ्र ऑडिट कर निस्तारण करें। बैठक में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित रूप से संकलित करने तथा विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं से बेहतर ढंग से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। कुलपति ने विश्वविद्यालय के सभी परीक्षा हाल में सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखने और छह महीने तक का रिकॉर्डिंग डाटा रखने के निर्देश दिए, जिससे कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और अनुशासन बना रहे। कुलपति ने कहा कि नव आगंतुक छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया जाएगा और उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं तथा विश्वविद्यालय से जुड़ी जिज्ञासाओं को समझने का प्रयास किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)