लखीमपुर में बारिश-तेज हवाओं से सड़कें हुईं जाम:लखीमपुर-मैगलगंज, कस्ता-सीतापुर और पलिया मार्ग पर गिरे पेड़; कई किमी पैदल चले लोग

Sep 27, 2026 - 09:21
0
लखीमपुर में बारिश-तेज हवाओं से सड़कें हुईं जाम:लखीमपुर-मैगलगंज, कस्ता-सीतापुर और पलिया मार्ग पर गिरे पेड़; कई किमी पैदल चले लोग
लखीमपुर खीरी में दो दिन से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। तेज हवाओं के कारण जिले के कई प्रमुख मार्गों पर पेड़ और उनकी बड़ी डालियां सड़क पर गिर गईं। इससे जगह-जगह यातायात बाधित हुआ और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लखीमपुर-मैगलगंज, कस्ता-सीतापुर और पलिया मार्ग पर कई स्थानों पर पेड़ गिरने से वाहनों की आवाजाही थम गई। सड़क बंद मिलने पर कुछ वाहन चालक वापस लौट गए, जबकि कई लोगों को कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा। कस्ता-सीतापुर मार्ग पर दोनों तरफ लगी वाहनों की कतार कस्ता-सीतापुर मार्ग पर कई जगह पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह रुक गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जरूरी काम से निकले लोग घंटों जाम में फंसे रहे। कई लोगों ने वाहन छोड़कर पैदल आगे जाने का रास्ता चुना। पलिया मार्ग पर भी कई जगह पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित रहा। ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाले रास्तों पर स्थिति और खराब रही। कई जगह मोटरसाइकिल तक निकालने की जगह नहीं बची। घर से निकले, रास्ते में थमे कदम बारिश के बीच जरूरी काम से निकले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। नौकरी, इलाज और अन्य जरूरी काम से घरों से निकले लोगों को कई जगह रास्ता बंद मिलने के बाद पैदल सफर करना पड़ा। कई लोग अपने वाहनों से निकले थे, लेकिन रास्ते में पेड़ गिरा मिलने के बाद आगे नहीं बढ़ सके। कुछ वाहन लेकर लौट गए, जबकि कुछ ने वाहन किनारे खड़ा कर पैदल रास्ता तय किया। दोपहिया वाहन सवारों ने भी कई जगह पेड़ों के बीच से रास्ता बनाकर निकलने की कोशिश की। शहर की डीसी रोड पर भी आवागमन प्रभावित ग्रामीण और मुख्य मार्गों के साथ शहर में भी तेज हवाओं का असर दिखा। डीसी रोड पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा। सड़क पर पेड़ आने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। नगर पालिका परिसर में तेज हवा के कारण एक पेड़ उखड़कर गिर गया। वहीं बीमा कार्यालय परिसर में लगा बड़ा आम का पेड़ दीवार पर जा गिरा। इन घटनाओं में किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है। सड़कों से पेड़ हटाने में जुटीं टीमें मार्गों पर पेड़ गिरने की सूचना के बाद संबंधित विभागों की टीमें सड़कों को साफ कराने में जुट गईं। कई जगह पेड़ों को काटकर हटाया गया और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया गया। हालांकि जिले के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ कई पेड़ गिरने के कारण सभी मार्गों को तत्काल साफ करना चुनौती बना रहा। कहीं सड़क साफ होने के बाद यातायात शुरू हुआ तो कहीं दोबारा पेड़ गिरने से रास्ता बाधित हो गया। बारिश और जलभराव के बीच बढ़ी परेशानी जिले में लगातार बारिश के कारण पहले से ही कई जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। अब तेज हवाओं के साथ पेड़ गिरने से यातायात व्यवस्था पर दोहरा असर पड़ा है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मार्गों को साफ कर आवागमन सामान्य कराने में जुटी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User