लखनऊ के 259 बूथों पर आज MLC चुनाव आज:1.16 लाख वोटर करेंगे मतदान, बृजेश पाठक-नीरज सिंह डालेंगे वोट, कांति सिंह और अवनीश कुमार सिंह के बीच मुकाबला
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले विधान परिषद की 11 स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा और समाजवादी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों दलों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। चुनाव के लिए प्रचार गुरुवार शाम को समाप्त हो गया। मतदान के बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। लखनऊ में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 259 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,16,491 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक और भाजपा उपाध्यक्ष नीरज सिंह भी वोट डालेंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। कांति सिंह और अवनीश कुमार सिंह के बीच सीधा मुकाबला समाजवादी पार्टी ने कांति सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर उनका सीधा मुकाबला भाजपा के अवनीश कुमार सिंह से है। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हो रहे इन एमएलसी चुनावों में दोनों दल अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश में हैं। भाजपा अपनी सीटों की संख्या बढ़ाना चाहती है, जबकि सपा पिछली जीत को बरकरार रखने के इरादे से मैदान में है। पिछले चुनाव में सपा ने जीती थीं छह सीटें पिछले चुनाव में समाजवादी पार्टी ने छह और भाजपा ने पांच सीटों पर जीत हासिल की थी। इस बार भाजपा अपनी सीटों की संख्या बढ़ाने की कोशिश में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के कई नेताओं और मंत्रियों ने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सांसदों, विधायकों और जिला स्तर के पदाधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी। पांच स्नातक और छह शिक्षक सीटों पर चुनाव प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटें शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद की सीटें हैं। इन निर्वाचन क्षेत्रों का दायरा प्रदेश के सभी 75 जिलों तक फैला है। हालांकि, इन चुनावों में केवल पंजीकृत स्नातक और शिक्षक मतदाता ही वोट डाल सकते हैं। लखनऊ में स्नातक के 96 हजार से ज्यादा मतदाता लखनऊ में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर 259 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 138 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 121 केंद्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 96,070 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 20,421 मतदाता हैं। इस तरह कुल 1,16,491 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। 9 जोन और 45 सेक्टर में बांटा गया जिला मतदान को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को 9 जोन और 45 सेक्टर में बांटा गया है। मतदान के लिए 72 भारी और 62 हल्के वाहन लगाए गए हैं। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए आशियाना स्थित रमाबाई रैली स्थल पर व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों के 100 मीटर दायरे में प्रतिबंध मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में प्रतिबंध लागू रहेंगे। राजनीतिक दलों की टेबल इस दायरे के बाहर ही लगाई जा सकेंगी। प्रतिबंधित क्षेत्र में पोस्टर, झंडे, लाउडस्पीकर और प्रचार सामग्री की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा अनधिकृत वाहन खड़े करने और भीड़ जमा करने पर भी रोक रहेगी। बैलेट पेपर से होगा मतदान, 27 अक्टूबर को मतगणना इन चुनावों में ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा। विधानसभा चुनाव से पहले इस मुकाबले को राजनीतिक दलों के लिए अहम माना जा रहा है। हालांकि, एमएलसी चुनाव के नतीजे सामान्य विधानसभा चुनाव के मतदाताओं की पसंद का सीधा संकेत नहीं माने जा सकते, क्योंकि दोनों चुनावों के मतदाता अलग-अलग हैं। वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जानी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)