मैनपुरी में दलित महिला के प्लॉट पर अवैध कब्जा:दबंगों पर आरोप, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं; एसपी से लगाई मदद की गुहार।
मैनपुरी के बेवर में एक दलित महिला ने अपने प्लॉट पर जबरन कब्जा कर निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है। महिला का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई। अब उसने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों से गुहार लगाई है। बेवर के इटावा रोड निवासी मीना देवी पत्नी राजेंद्र कुमार ने एसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसका एक प्लॉट है। आरोप है कि रजनेश मिश्रा, उसकी पत्नी बीमा, अनुभव दुबे और वैभव मिश्रा ने प्लॉट पर जबरन कब्जा कर लिया और वहां निर्माण करा लिया। महिला के मुताबिक उसने मामले को लेकर थाना बेवर में कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित राजेंद्र सिंह कहना है कि इसके बाद उसने एसपी के समक्ष भी शिकायत रखी। वहां से राहत नहीं मिलने पर उसने कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को प्रार्थना पत्र दिया। महिला के अनुसार मंत्री ने मामले में जिलाधिकारी को कार्रवाई के लिए लिखा, लेकिन वहां भी सुनवाई नहीं हुई। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि उसे यह कहकर टाल दिया गया कि मामला भोगांव विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है। मीना देवी ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि राजनैतिक दबाव के कारण अधिकारियों और पुलिस को उसके प्लॉट के मामले में कार्रवाई नहीं करने के लिए फोन किया जाता है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे बताया गया कि प्लॉट पर कब्जा करने वाले व्यक्ति विधायक के रिश्तेदार हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई न की जाए। पति राजेंद्र सिंह ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बताया कि उसकी पांच बेटियां शादी योग्य हैं। आर्थिक परेशानी के बीच प्लॉट पर कब्जा होने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। आरोप है कि कब्जा करने वाले लोग दबंग और शातिर किस्म के हैं, जिनसे परिवार भयभीत है। पीड़ित राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं तथा जातिसूचक गाली-गलौज भी की जाती है। पीड़ित ने अधिकारियों से प्लॉट को कब्जामुक्त कराने, और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)