यूपी ट्रेड शो में बलरामपुर की मिठाइयों को मिली पहचान:दो क्विंटल स्टॉक खत्म, शेफ मंजीत गिल व निशांत चौबे ने की तारीफ

Sep 30, 2026 - 18:03
0
यूपी ट्रेड शो में बलरामपुर की मिठाइयों को मिली पहचान:दो क्विंटल स्टॉक खत्म, शेफ मंजीत गिल व निशांत चौबे ने की तारीफ
बलरामपुर। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित 'यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो' में बलरामपुर के पारंपरिक व्यंजनों का डंका बजा। 'एक जिला-एक व्यंजन' योजना के तहत जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे नगर के 'राम मिष्ठान भंडार' के प्रोपराइटर अरविंद गुप्ता का स्टॉल पूरे 5 दिवसीय आयोजन के दौरान देशी-विदेशी खरीदारों और आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। ट्रेड शो में बलरामपुर के प्रसिद्ध कलाकंद और नारियल की बर्फी का जलवा ऐसा रहा कि अरविंद गुप्ता बलरामपुर से जो दो क्विंटल मिठाइयों का स्टॉक लेकर गए थे, वह 4 दिवसीय आयोजन के दूसरे दिन ही पूरी तरह से समाप्त हो गया। मिठाइयों की भारी मांग को देखते हुए स्टॉल पर लगातार खरीदारों की भीड़ उमड़ती रही। आयोजन के दौरान अरविंद गुप्ता ने भारतीय पाक-कला जगत के भीष्म पितामह और IFCA अध्यक्ष डॉ. शेफ मंजीत गिल तथा प्रसिद्ध सेलिब्रिटी शेफ निशांत चौबे से विशेष मुलाकात की। इस मुलाकात में उन्होंने दोनों दिग्गज शेफ्स से खाद्य सामग्रियों के निर्माण की बारीकियां, स्वच्छता मानक और मिष्ठान व्यवसाय को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने के गुर सीखे। दोनों दिग्गज शेफ्स ने बलरामपुर के शुद्ध और पारंपरिक स्वादों की जमकर सराहना की। बलरामपुर के इस पारंपरिक स्वाद की साख का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली-एनसीआर के कई बड़े कारोबारियों और खरीदारों ने 'राम मिष्ठान भंडार' की फ्रेंचाइजी लेने की इच्छा जताई। यही नहीं, आने वाले आगामी त्योहारों (नवरात्रि और दीपावली) के लिए भी अरविंद गुप्ता को कई बड़े-बड़े एडवांस बल्क ऑर्डर प्राप्त हुए हैं। 29 सितंबर को ट्रेड शो के भव्य समापन के साथ ही 'राम मिष्ठान भंडार' के अरविंद गुप्ता ने बलरामपुर के खान-पान उद्योग को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दी है।अपनी इस सफलता पर अरविंद गुप्ता ने खुशी जताते हुए कहा कि “जिला प्रशासन और उद्योग विभाग के सहयोग से मिले इस मंच ने हमारे स्थानीय ब्रांड को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। शेफ मंजीत गिल और शेफ निशांत चौबे से मिले मार्गदर्शन से हम अपने उत्पादों की गुणवत्ता और पैकेजिंग को और बेहतर बनाकर देश भर में अपने ब्रांड का विस्तार करेंगे।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User