मालगाड़ी की चपेट में आने से इंजीनियरिंग छात्र की मौत:छात्रा गंभीर हालत में सैफई रेफर, रेलवे ट्रैक के पास खड़े होने से हुआ हादसा

Oct 01, 2026 - 07:14
0
मालगाड़ी की चपेट में आने से इंजीनियरिंग छात्र की मौत:छात्रा गंभीर हालत में सैफई रेफर, रेलवे ट्रैक के पास खड़े होने से हुआ हादसा
इटावा में मैनपुरी रेलवे ट्रैक पर राहतपुरा फाटक के पास बुधवार रात मालगाड़ी की चपेट में आने से पॉलिटेक्निक के छात्र-छात्रा गंभीर घायल हो गए। हादसे में रोहन श्रीवास्तव (19) की जिला अस्पताल में मौत हो गई। वहीं 18 साल की नगमा उर्फ सोनी को गंभीर हालत में सैफई रेफर किया गया है। दोनों इटावा पॉलिटेक्निक में मैकेनिकल इंजीनियरिंग सेकेंड ईयर के विद्यार्थी बताए गए हैं। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना को लेकर अलग दावा किया है, जिसकी पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। राहतपुरा फाटक के पास हुआ हादसा बुधवार रात करीब 8 बजे रोहन और नगमा रेलवे ट्रैक के पास खेत में मौजूद थे। इसी दौरान दोनों मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे के बाद आसपास अफरातफरी मच गई। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल लेकर गई। अस्पताल में रोहन ने दम तोड़ा जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने रोहन श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। नगमा की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रोहन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों इटावा पॉलिटेक्निक में पढ़ते थे नगमा उर्फ सोनी औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र के फतेहपुर बेनी निवासी खलील की बेटी है। वहीं रोहन पुराना भरथना निवासी सुनील श्रीवास्तव का बेटा था। दोनों मैकेनिकल इंजीनियरिंग के सेकेंड ईयर के विद्यार्थी बताए गए हैं।स्थानीय ग्रामीणों ने दबी जुबान में बताया कि दोनों खेत में सुनसान जगह पर बैठे थे। कुछ ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर काफी देर तक सवाल-जवाब किए। ग्रामीणों के मुताबिक इसके बाद दोनों वहां से भागे और इसी दौरान मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User